10 महीने पहले शादी...खुशी-खुशी रह रहा था दंपत्ति; एक दिन रात में पकाया मुर्गा, सुबह फंदे से लटकी मिली 21 साल की बीवी, पूरा मामला जान पकड़ लेंगे माथा
punjabkesari.in Thursday, Sep 11, 2025 - 05:57 PM (IST)

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने सिर्फ इसलिए फांसी लगा ली क्योंकि उसके मना करने के बावजूद पति ने मुर्गा पकाया। इस बात से खफा होकर महिला ने शादी के 10 महीने बाद ही यह आत्मघाती कदम उठा लिया। बड़ी बात ये है कि पति ने घरवालों के साथ मिलकर शव को गंगा में बहा दिया। घटना के 20 दिन बाद मायके वालों की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेते हुए पत्नी के शव की तलाश शुरू कर दी है।
20 अगस्त को गायब हुई थी रीना
जिले के आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव कोकापुर निवासी 21 वर्षीय रीना की शादी करीब दस महीने पहले रहरा थानाक्षेत्र के गांव वंशीवाला मेहरपुर निवासी निगम से हुई थी। 20 अगस्त को रीना की गुमशुदगी के बाद पति ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि मायके वालों द्वारा पति निगम और ससुरालवालों पर शक जताने के बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में निगम ने सच उगल दिया।
पुलिस से बचने के लिए शव गंगा में बहाया
निगम ने बताया कि 20 अगस्त की रात को वह घर पर मुर्गा बनाने के लिए लेकर आया था, लेकिन रीना उसे मुर्गा खाने देना नहीं चाहती थी। वह उससे परहेज करती थी। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बावजूद निगम ने मुर्गा पकाया और खाया। बकौल निगम इससे नाराज होकर रीना ने फांसी लगा ली। पुलिस से बचने के लिए उसने भाइयों संग मिलकर रीना के शव को कपड़े में बांधकर गांव के सामने बह रही गंगा में बहा दिया।
घंटों मशक्कत के बाद भी नहीं मिला रीना का शव
पुलिस की घंटों की मशक्कत के बाद भी गंगा में शव नहीं मिल सका। मां कौशल्या की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति निगम, सास, ससुर सुरेश, जेठ महकार और तहेरे भाई बिजेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।