बरेली को सौगात देने आ रहे CM Yogi; विकास और रोजगार को देंगे रफ्तार, 1000 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास-लोकार्पण, सजने-संवरने लगा शहर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 05, 2025 - 12:49 PM (IST)

बरेली (जावेद खान) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 अगस्त को बरेली आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ हैं। सीएम बरेली कॉलेज मैदान में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें विकास और रोजगार से जुड़ी 22.80 अरब की 588 परियोजनाएं जनता को समर्पित होंगी। इस दौरान ODOP की भव्य प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसमें स्वरोजगार, बरेली के हस्तशिल्प और नाथ कॉरिडोर की झलक लोगों को दिखाई जाएगी। तैयारियों को लेकर कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी खुद ग्राउंड का निरीक्षण कर चुके हैं।

सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और पर्यटन योजनाएं होंगी शुरू 
मुख्यमंत्री योगी के हाथों शहर को करीब 336 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कों का तोहफा मिलेगा। इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 61 करोड़ की परियोजनाएं भी शामिल हैं। यूनानी मेडिकल कॉलेज में ओपीडी की शुरुआत से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। शहर और गांवों में पेयजल के नए प्रोजेक्ट शुरू होंगे। इन सबका लोकार्पण और शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। शहर के सात प्रमुख नाथ मंदिरों को जोड़ने वाले नाथ कॉरिडोर को भी मुख्यमंत्री गति देंगे।

नाथ कॉरिडोर से धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाई  
नाथ कॉरिडोर के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी और बरेली को एक नए टूरिज्म हब के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके जरिए शहर में होटल, रिसॉर्ट, मल्टीलेवल पार्किंग, योग सेंटर और म्यूजियम जैसी सुविधाएं विकसित होंगी, जिससे रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।

तेजी से चल रही जनसभा की तैयारियां 
बरेली कॉलेज मैदान पर जनसभा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रशासन द्वारा लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स की सूची तैयार की जा रही है। इन योजनाओं के लाभार्थियों की लिस्ट भी बन रही है, जिन्हें मुख्यमंत्री मंच से चेक और स्वीकृति पत्र देंगे। जनसभा स्थल पर प्रदर्शनी में ODOP के साथ नाथ कॉरिडोर और विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी जाएगी। जनसभा में शामिल होने के लिए गांवों से 23 हजार लोगों को बुलाया जा रहा है, जिनके लिए 400 बसों की व्यवस्था की जा रही है।

1000 करोड़ के 386 कार्यों का शिलान्यास 
प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार करीब 1000 करोड़ के 386 कार्यों का शिलान्यास और 1260 करोड़ के 220 कार्यों का लोकार्पण होगा। प्रमुख सड़क परियोजनाओं में 198.69 करोड़ की लागत से उदयपुरमंडी से गणेशखेड़ा तक मार्ग बनेगा और 137.38 करोड़ से कनगवां से शाहबाद तक संपर्क मार्ग तैयार किया जाएगा। ये सड़कें न केवल बरेली को दूसरे जिलों से बेहतर जोड़ेंगी बल्कि स्थानीय व्यापार और आवागमन को भी आसान बनाएंगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static