मथुरा में CM योगी ने कहा- हुनर हाट में हो रहा आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार

punjabkesari.in Wednesday, Nov 10, 2021 - 06:42 PM (IST)

मथुरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन में ‘ब्रज रज उत्सव' एवं ‘कौशल कुबेरों के कुम्भ' ‘‘हुनर हाट'' का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को यहां आए हुए कारीगर और हस्तशिल्पी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सारे कारीगर ऐसे होंगे जिनकी कला उस कालखंड से अवश्य जुड़ती होगी, जब भगवान श्री कृष्ण ने अपनी लीला की कला रची होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही श्री कृष्ण युग के लोगों उपासना विधि बदल गई होगी लेकिन कला बची हुई है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। इस क्षेत्र के विकास के लिए उनकी सरकार ने 425 करोड़ की योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है।

हुनर हाट से पुश्तैनी कला को मिल रहा प्रोत्साहन
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ‘‘स्वदेशी'' एवं ‘वोकल फॉर लोकल' के प्रभावी प्लेटफार्म ‘‘हुनर हाट'' से जहां एक ओर भारत की पारम्परिक पुश्तैनी कला को जबरदस्त प्रोत्साहन एवं मौका-मार्केट मुहैया हो रहा है, वहीं दूसरी ओर लाखों स्वदेशी दस्तकारों, शिल्पकारों का आर्थिक सशक्तिकरण भी हो रहा है। ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर के प्रचार-प्रसार के दृष्टिगत ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 10 से 19 नवंबर तक ‘ब्रज रज महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। हुनर हाट द्वारा विभिन्न परंपरागत, लोक नृत्य, सांस्कृतिक, भजन एवं ब्रज संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृंदावन के कुम्भ मेला ग्राउंड में आयोजित 31वें हुनर हाट में विश्वकर्मा वाटिका के अलावा सर्कस का भी प्रदर्शन होगा। जहां लोग भारतीय सर्कस कलाकारों के शानदार पारंपरिक कौशल को देख सकेंगें।

30 राज्यों के कलाकार हुए शामिल
वृन्दावन के हुनर हाट में 30 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 400 दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर शामिल हुहैं। इस हुनर हाट में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, नागालैंड, मणिपुर, बिहार, आंध्र प्रदेश, झारखण्ड, गोवा, पंजाब, लद्दाख, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर,पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल एवं अन्य क्षेत्रों से हुनर के उस्ताद कारीगर अपने साथ लकड़ी,  ब्रास,  बांस,  शीशे,  कपडे, कागज़, मिट्टी आदि के शानदार उत्पाद लेकर आये हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारम्परिक शाकाहारी पकवान भी उपलब्ध हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हुनर हाट में प्रतिदिन सायंकाल प्रसिद्ध कलाकार अन्नू कपूर, कैलाश खेर, सुरेश वाडेकर, पुनीत इस्सर का महाभारत मंचन, सदानंद बिस्वास, मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा, उस्मान मीर, रानी इन्द्राणी एवं अन्य कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगें।

वहीं, नकवी ने कहा कि अगले हुनर हाट 12 से 21 नवम्बर के बीच लखनऊ, 14 से 27 नवम्बर प्रगति मैदान नई दिल्ली, 26 नवम्बर से 05 दिसंबर तक हैदराबाद, 10 दिसंबर से 19 दिसंबर तक सूरत एवं 22 दिसंबर 2021 से 02 जनवरी 2022 तक नई दिल्ली में होंगें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static