CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी का सहारनपुर और हरियाणा दौरा आज, राज्यमंत्री बृजेश सिंह के पिता को देंगे श्रद्धांजलि
punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 10:44 AM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहारनपुर और हरियाणा के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले सहारनपुर जाएंगे, जहां वह मंत्री कुंवर बृजेश सिंह के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी सहारनपुर में जडोदा जट्ट गांव स्थित आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
हरियाणा के सोनीपत जाएंगे योगी
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरियाणा के सोनीपत जिले के मुरथल पहुंचेंगे। यहां वह नाथ संप्रदाय के एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुरथल स्थित नागे बाबा मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेंगे और‘आठ मान'के भंडारे में भी सम्मिलित होंगे।
नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष हैं सीएम योगी
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष हैं। इसी नाते उनका यह दौरा नाथ संप्रदाय के अनुयायियों के लिए विशेष महत्व रखता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

