CM योगी ने बाबा गोरखनाथ को चढ़ाई खिचड़ी, प्रदेशवासियों को दी मकर संक्रांति की शुभकामनाएं

punjabkesari.in Thursday, Jan 14, 2021 - 11:00 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मकर संक्रांति के मौके पर गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने भगवान को खिचड़ी का प्रसाद चढ़ाया और पूजा अर्चना की। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मकर संक्रांति सूर्य अपासना का महापर्व है। देश में अलग-अलग रुपों में ये पर्व मनाया जाता है। गोरखपुर में गोरखनाथ को आस्था की खिचड़ी चढ़ाई जाती है। लाखों श्रद्धालु यहां आकर अपनी आस्था निवेदित कर रहे हैं। आज खिचड़ी चढ़ाकर हजारों वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वहन हुआ।

सीएम योगी ने कहा कि मकर संक्रांति किसानों के उमंग और उत्साह का भी पर्व है। इस अवसर पर खिचड़ी दान करना या चढ़ाना इस बात को प्रदर्शित करता है कि किसान जब मेहनत से अन्न उत्पन्न करता है तो उपने इष्ट को दान करता है। खिचड़ी सूपाच्य भोज भी है, शीतलहरी में जब पाचन क्रिया प्रभावित होती है तो कोई भी इसे औषधि के रुप में ले सकता है।

बुधवार को शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न भागों में मकर संक्रांति का विशिष्ट पर्व विभिन्न रूपों में मनाया जाता है। यह पर्व हमारे देश की समृद्ध विरासत एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व के अवसर पर समस्त अनुष्ठानों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल एवं सामाजिक मेल जोल से दूरी के नियमों का पालन करने की अपील की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static