सबका साथ मंत्र से साकार होगी रामराज्य की अवधारणा: योगी आदित्यनाथ

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 06:23 PM (IST)

चंदौलीः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चलकर ही रामराज्य की अवधारणा साकार हो सकेगी। मुख्यमंत्री रविवार को चंदौली स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने चंदौली में करीब एक हजार करोड़ (963.52 करोड़) की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर एक क्षेत्र में कुछ न कुछ नया हो रहा है। विकास ही जीवन में परिवर्तन ला सकता है। डबल इंजन की सरकार योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के समाज के प्रत्येक तबके तक ले जा रही है। उन्होंने लोगों को आह्वान करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जो योजनाएं बन रही हैं, उनमें सहभागी बनें। हमें विश्वास है कि चंदौली विकास की इस प्रक्रिया को निरंतर बनाए रखेगा।

'ब्रिटेन को पछाड़कर भारत बना दुनिया की 5वीं अर्थव्यवस्था'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अकेले चंदौली में 12065 छात्रों को स्मार्टफोन दिया। उन्होंने छात्रों से उम्मीद जताई की तकनीक का सही इस्तेमाल करेंगे। सीएम योगी ने एलान किया कि उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ छात्रों को बीजेपी सरकार टैबलेट और लैपटॉप देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को चमत्कारी बताया। सीएम योगी ने कहा कि ब्रिटेन ने 200 वर्षों तक भारत पर शासन किया। भारत अब तरक्की की राह पर चल पड़ा है। भारत ब्रिटेन को पछाड़ कर आजादी के 75 वर्ष बाद दुनिया की 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static