मीडिया टीम और प्रवक्ता चुनने के लिए कांग्रेस ने कराई परीक्षा, पूछे ये सवाल

punjabkesari.in Friday, Jun 29, 2018 - 05:34 PM (IST)

लखनऊः मीडिया टीम और टीवी चर्चाओं में शामिल होने वाले पैनलिस्ट के चयन के लिए नयी व्यवस्था शुरू करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी में 65 लोगों की लिखित परीक्षा और इंटरव्यू किये। पार्टी के 65 लोग परीक्षा में शामिल हुए। इनमें वे भी थे, जो कई वर्ष से प्रवक्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। सभी लोग उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पर कल परीक्षा में बैठे थे।  

पूछे ये सवाल
परीक्षा में 14 प्रश्न पूछे गये थे। इनमें कुछ इस प्रकार थे कि‘उत्तर प्रदेश में कितने जिले और जोन हैं, पिछले चुनावों में पार्टी का मत प्रतिशत और सीटें, मोदी ओर योगी सरकार की प्रमुख विफलताएं, मनमोहन सिंह सरकार की मुख्य उपलब्धियां और प्रवक्ता का लक्ष्य क्या होना चाहिए’। ये प्रश्न पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया संयोजक रोहन गुप्ता लेकर आये। उन्होंने इंटरव्यू भी लिये।  

प्रियंका ने कल शाम हुई परीक्षा की प्रासंगिकता के बारे में कहा कि अगर आपको राज्य का प्रवक्ता बनना है और पार्टी का प्रतिनिधित्व करना है तो आपको मूल चीजों की जानकारी होनी चाहिए।  उन्होंने कहा कि यह आकलन का तरीका है। ये सभी लोग हमारी पार्टी का चेहरा होंगे। उन्हें अपने राज्य और पार्टी के बारे में भलीभांति जानकारी होनी चाहिए।  

एक प्रवक्ता ने कहा कि पहले प्रवक्ताओं की 22 लोगों की टीम थी लेकिन ऐसा लगता है कि इस बार संख्या कम रहेगी।  उन्होंने कहा कि प्रियंका और गुप्ता की टीम गुजरात, कर्नाटक और मध्य प्रदेश भी मीडिया टीम के चयन के लिए परीक्षा कराने गयी थी।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने पिछले सप्ताह मीडिया और तीन अन्य विभाग भंग कर दिये थे ताकि नयी टीम का चयन किया जा सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static