कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी बोले- भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा डरी, सहमी और घबराई हुई है
punjabkesari.in Friday, Dec 23, 2022 - 11:26 AM (IST)

लखनऊ: स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने पर 'भारत जोड़ो यात्रा' को स्थगित करने या उस पर विचार करने का आग्रह किया है। जिसके बाद से कई राजनेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि दरअसल भाजपा डरी, सहमी, घबराई हुई है। उन्होंने ने कहा कि मोदी जी ने त्रिपुरा में रैली की, वह पिछले दिनों गुजरात घूम कर भी आए हैं। उन्होंने कहीं मास्क नहीं लगाया, कोविड के नए वेरिएंट के फैलने के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्रालय का यह पत्र मोदी जी को भी मिलना चाहिए।
भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को देख भाजपा डरी- प्रमोद तिवारी
प्रमोद तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड फैलने के मद्देनजर मोदी जी को पत्र क्यों नहीं भेजा? अभी वह त्रिपुरा में रैली करके आ रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि 10000 लोग वहां थे। त्रिपुरा तो चीन से सटा हुआ भी है। स्वास्थ्य मंत्रालय राहुल गांधी को पत्र लिख रहा है जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रधानमंत्री को कोविड के नए वेरिएंट के फैलने के मद्देनजर पत्र लिखना चाहिए था। मोदी जी तो गुजरात भी घूम कर आए हैं। उन्होंने कहीं कोई मास्क नहीं लगाया था। दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी डरी, सहमी हुई और घबराई हुई है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गैर-राजनीतिक है- प्रमोद तिवारी
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गैर-राजनीतिक है। वह लोगों को यह समझाने के लिए हजारों किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं कि एक समुदाय से दूसरे समुदाय को लड़ाने से देश का फायदा नहीं, नुकसान होगा। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नफरत फैला रही है। मैं इतना कहना चाहता हूं कि देश सजग है। लोग समझ रहे हैं कि जिस समय कोविड को लेकर कहीं कोई प्रतिबंध नहीं, तब भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की कोशिश का मकसद क्या है। राहुल गांधी जी को जिस तरह से सफलता मिल रही है, कई अन्य दलों के लोग भी उन्हें समर्थन दे रहे हैं, कई गैर-राजनीतिक बड़ी हस्तियां भी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। निस्संदेह भाजपा इससे घबराई हुई है।" कन्याकुमारी से शुरू हुई 'भारत जोड़ो यात्रा' इस समय हरियाणा से गुजर रही है और 24 दिसंबर को इसके दिल्ली में प्रवेश करने की संभावना है। चार महीनों से जारी यह यात्रा अगले महीने जम्मू-कश्मीर में जाकर खत्म होगी।
बता दें कि मंडाविया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे पत्र में कहा है कि "भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और मास्क-सैनिटाइजर का उपयोग लागू किया जाए। सबसे अच्छा होगा कि फिलहाल इस यात्रा को स्थगित कर दिया जाए। स्वास्थ्य मंत्री के इस पत्र सियासत लगातार गरमा रही है।