सुरों के बादशाह ने छोड़ी दुनिया, इस दिग्गज सिंगर का हुआ निधन, अपनी जादुई आवाज से करोड़ो दिलों पर किया राज; Shock में म्यूजिक इंडस्ट्री
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 05:02 PM (IST)
UP Desk : अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत से एक बहुत ही दुखद खबर प्रकाश में आई है। साठ और सत्तर के दशक में अपनी आवाज से दुनिया के दिलों पर राज करने वाले बेहद ख्याति प्राप्त सिंगर David Clayton Thomas का 84 साल की उम्र में निधन हो गया है। इस खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। सिंगर के निधन से संगीत प्रेमियों और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
टोरंटो के अस्पताल में हुआ निधन, पब्लिसिस्ट ने की पुष्टि
डेविड क्लेटन-थॉमस ने अपनी दमदार आवाज और यादगार गीतों के जरिए श्रोताओं के दिलों पर ऐसी छाप छोड़ी है, जिसे मिटा पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। डेविड के निधन की पुष्टि उनके पब्लिसिस्ट ने की है। जानकारी के अनुसार उन्होंने कनाडा के टोरंटो स्थित एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही दुनिया भर के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।
60 और 70 के दशक के लोकप्रिय कलाकार थे
डेविड क्लेटन-थॉमस 1960 और 1970 के दशक में संगीत जगत का बड़ा नाम रहे। अपनी विशिष्ट गायकी शैली और मंचीय प्रस्तुतियों के कारण उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उस दौर में वे अमेरिकी रेडियो और रॉक संगीत की दुनिया के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे।
दो ग्रैमी पुरस्कारों से हुए सम्मानित
संगीत क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 1970 में उन्हें दो ग्रैमी पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनकी उपलब्धियों ने उन्हें अपने समय के सबसे प्रभावशाली कलाकारों की श्रेणी में खड़ा किया।
गीत लेखन में भी थे माहिर
डेविड केवल एक बेहतरीन गायक ही नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली गीतकार भी थे। उन्होंने अपने बैंड के लिए कई लोकप्रिय गीत लिखे। उनके द्वारा लिखा गया गीत “स्पिनिंग व्हील” विशेष रूप से काफी चर्चित हुआ और संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा।
इंग्लैंड में हुआ था जन्म
डेविड क्लेटन-थॉमस का जन्म 13 सितंबर 1941 को इंग्लैंड में हुआ था। उनके पिता कनाडाई सेना से जुड़े थे। अपने लंबे संगीत करियर के दौरान उन्होंने कई ऐसे गीत दिए, जिन्हें श्रोताओं ने खूब सराहा। उनके द्वारा लिखा गया “ब्रेनवाश” नामक गीत भी काफी लोकप्रिय हुआ था।
संगीत जगत ने खोया एक बड़ा नाम
डेविड क्लेटन-थॉमस का निधन संगीत जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। अपनी आवाज, रचनात्मकता और संगीत के प्रति समर्पण के कारण वे हमेशा अपने प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के बीच याद किए जाते रहेंगे।

