18 मई से लापता रॉकी की बेरहमी से हत्या, खेत से मिली सिर कटी लाश, पुलिस ने पत्नी-बेटे-बहू समेत कई लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 12:44 PM (IST)
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर जिले में 18 मई से लापता 36 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और पुलिस ने उसका सिर कटा शव एक खेत से बरामद किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान विकसित कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई है जिसका शव सोमवार शाम सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा गांव के एक खेत से बरामद किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साहू ने संवाददाताओं को बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक कथित शूटर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान मोंटी त्यागी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान त्यागी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने रॉकी की दूसरी पत्नी रेनू, उसके सौतेले बेटे बादल और बादल की पत्नी निशा समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा, ''पूछताछ के दौरान मोंटी त्यागी ने खुलासा किया कि रॉकी का अपहरण किया गया था। इसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और अपराध को छिपाने के लिए उसका सिर कटा शव खेतों में फेंक दिया गया।'' पुलिस के मुताबिक, रॉकी का कटा सिर कथित रूप से गंग नहर में फेंक दिया गया था जिसकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उसने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

