प्राइमरी स्कूल बना अय्याशी का अड्डा? बंद स्कूल में मासूम बच्चियों से घिनौनी करतूत, शिक्षक सस्पेंड... FIR दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 07:55 AM (IST)
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के कोन विकास खंड के एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 1 और कक्षा 3 की 2 नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया। आरोपी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों की शिकायत पर खुली पोल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि कोन ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक टीपू सुल्तान ने छोटी बच्चियों के साथ अभद्र कृत्य किया। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पीड़िताओं और स्कूल के अन्य बच्चों से पूछताछ की गई तो प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
पहले से बंद स्कूल में चल रहा था काला खेल
अधिकारी ने बताया कि जिस विद्यालय का संचालन आरोपी कर रहा था, उसे खंड शिक्षा अधिकारी कोन के निर्देश पर पहले ही बंद किया जा चुका था। यह कृत्य सरकारी सेवक आचरण नियमावली का उल्लंघन और पद की गरिमा के विपरीत है। जांच के बाद आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।
6 और 9 साल की मासूमों से दरिंदगी
कोन के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित बच्चियों के परिजनों की तहरीर पर एक जुलाई को आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित बच्चियों की उम्र 9 वर्ष और 6 वर्ष है। परिजनों ने आरोपी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

