स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र की सरकारें मिलकर कर रही हैं काम: डिपटी सीएम ब्रजेश पाठक
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 02:23 PM (IST)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार मिल कर स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता आमजन को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। एक बयान के मुताबिक पाठक ने महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर के साथ शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में द्विपक्षीय बैठक की।
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री आबिटकर को उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में आमूलचूल परिवर्तन आया है। हर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। पाठक ने बताया कि आबिटकर दो दिवसीय अधिकारिक अध्ययन भ्रमण पर उत्तर प्रदेश आए हैं।
वह उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य देखभाल तंत्र में सर्वोत्तम प्रथाओं, नवाचारी स्वास्थ्य देखभाल मॉडल और बुनियादी ढांचे के कार्यान्वयन का अध्ययन करेंगे। पाठक ने बताया कि आबिटकर ने बलरामपुर अस्पताल के डायलिसिस सेंटर, सीएसएसडी (सेन्ट्रल स्टेराइल सप्लाई डिपार्टमेंट) व ई-रजिस्ट्रेशन सुविधाओं का भ्रमण किया। महाराष्ट्र के मंत्री ने चिकित्सालय में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया।

