Election 2022: डिंपल भाभी और अखिलेश भैया के पास नहीं है अपना वाहन, पति-पत्नी पर 43 लाख का कर्ज
punjabkesari.in Monday, Jan 31, 2022 - 08:36 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट से नामांकन किया है। इस दौरान उन्होंने नामांकन पत्र में अखिलेश यादव ने अपनी संपत्ति की पूरी जानकारी दी है। जिसमें उन्होंने अपने और पत्नी बच्चों को मिलाकर कुल 40 करोड़ की संपत्ति दर्शायी है। खास बात ये है कि इससे कहीं ज्यादा दौलत तो उनके कई उम्मीदवारों ने घोषित की है। जानकारी के अनुसार इस अवधि में अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने कोई गहना आदि भी नहीं खरीदा। पांच साल पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कोई मुकदमा नहीं था। हालांकि बीते साल लखनऊ के थाना गौतमपल्ली में एक मुकदमा दर्ज हुआ है।
अखिलेश यादव नामांकन के साथ दिए अपने शपथपत्र में अपनी चल संपत्ति 8.43 करोड़ रुपये दर्शाई है। जबकि पांच साल पहले आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए दिए शपथ पत्र में उनकी चल संपत्ति 7.90 करोड़ रुपये थी। इसी तरह पांच पहले डिंपल यादव की चल संपत्ति 3.67 करोड़ रुपये थी तो अब बढ़कर 4.76 करोड़ रुपये हो गई है। अचल संपत्ति की बात करें तो पांच साल पहले अखिलेश यादव के पास 16.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी, जो अब बढ़कर 17.22 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई है। इसी तरह डिंपल यादव यादव की अचल संपत्ति 9.30 करोड़ से बढ़कर 9.61 करोड़ हो गई है।
अखिलेश और डिंपल है कर्ज
बता दें कि डिंपल यादव पर पांच साल पहले 14.26 का कर्ज था, लेकिन अभी भी उतना ही कर्ज है। जबकि अखिलेश यादव की कर्ज राशि 14.26 लाख से बढ़कर 28.97 लाख रुपए हो गई है। 5 साल पहले डिंपल के पास 2774 ग्राम सोना, 203 ग्राम मोती और 127 कैरेट हीरे थे। बीते पांच साल में उनके आभूषणों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। अखिलेश यादव के पास पांच साल पहले भी कोई आभूषण नहीं था और अब भी कोई आभूषण नहीं है। शपथ पत्र में दोनों के पास कोई वाहन भी नहीं दर्शाया गया है।
अखिलेश ने पिता को दिया हुआ है कर्ज
अखिलेश यादव के हलफनामे में एक हैरान करने वाली बात सामने आई है। हलफनामे के अनुसार उन्होंने अपने पिता मुलायम सिंह यादव को कर्ज दे रखा है। अखिलेश यादव ने 2.13 करोड़ रुपये का कर्ज सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को सन 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले दिया था, जिसे अभी तक मुलायम सिंह यादव ने नहीं चुकाया है। हालांकि, अखिलेश ने खुद पत्नी डिंपल यादव से 8.15 लाख रुपये का कर्ज लिया हुआ है। अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव के अलावा छह अन्य लोगों और संस्थानों को करीब 28 लाख रुपये का कर्ज दिया हुआ है। अखिलेश यादव ने अपने हलफनामे में लिखा है कि उन्होंने 32.74 लाख रुपये की छह अलग-अलग बीमा पॉलिसी ले रखी है। वहीं डिंपल यादव ने 25 लाख रुपये का बीमा करा रखा है।