दुल्हन की विदाई के दौरान खूंखार कुत्ते के तांडव ने फैलाई दहशत, डॉग ने 60 से ज्यादा लोगों को काटा, खुशियों के बीच मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 04:57 PM (IST)

बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दुल्हन की विदाई के दौरान बारात घर में घुसे आवारा कुत्ते ने शादी में शामिल वर-वधु पक्ष के 60 से अधिक लोगों को काट लिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह बिसौली थाना क्षेत्र में बिल्सी रोड पर स्थित अभिनंदन बैंक्वेट हॉल में हुई, जब एक आवार कुत्ता परिसर में घुस गया और मेहमानों को काटने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवारा कुत्ते के अचानक हमला करने से बारातघर में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और कई लोग बचकर भागने के प्रयास में एक-दूसरे पर गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। 

अधिकारियों ने बताया कि शादी में शामिल मेहमानों पर हमले के बाद आवारा कुत्ता बारातघर से बाहर भाग गया और सड़क किनारे कई राहगीरों एवं दुकानदारों को काट लिया। उन्होंने बताया कि बाद में आवारा कुत्ता पास के एक गांव में घुस गया, जहां उसने कई मवेशियों पर हमला कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आवारा कुत्ते के हमले में घायल लोगों को बिसौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उन्हें रेबीज रोधी टीका लगाया गया और फिर घर भेज दिया गया। चिकित्सा अधिकारी अरविंद वर्मा ने बताया कि सोमवार को कुल 109 लोगों को रेबीज रोधी टीका लगाया गया, जिनमें से लगभग 60 लोग बारातघर में हुई घटना के पीड़ित थे। 

घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि आवारा कुत्ते को पकड़ने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं और वह अभी भी खुलेआम घूम रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा है। अपर जिला मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने कहा कि बिसौली नगर निकाय के कार्यकारी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने और समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश जारी किए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static