उमा भारती का बड़ा बयान, कहा- UP में BJP के खराब प्रदर्शन के लिए मोदी-योगी को दोष देना ठीक नहीं

punjabkesari.in Sunday, Jun 30, 2024 - 09:08 AM (IST)

लखनऊ-शिवपुरी: लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश में खराब प्रदर्शन पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने हार के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी की तरफ से उत्तर प्रदेश में मिली हार की समीक्षा बैठक भी की गई जिसमें सही कारणों का पता नहीं चल सका। अब मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उमा भारती प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी के बचाव में उतर गई हैं। 

बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद भी पार्टी ने राज्य में खराब प्रदर्शन किया
उमा भारती ने शनिवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोष नहीं दिया जाना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां कहा कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद भी पार्टी ने राज्य में खराब प्रदर्शन किया था। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से केवल 33 सीटें जीतीं।

Don't blame Modi, Yogi for BJP's poor show in UP: Uma Bharti

लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं 
भारती ने यहां एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं है। 6 दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद भी भाजपा हार गई थी। इसके बावजूद हमने अयोध्या में राम मंदिर को अपने एजेंडे से नहीं हटाया। हमने अयोध्या को कभी वोट से नहीं जोड़ा। इसी तरह अब हम मथुरा-काशी को वोट से नहीं जोड़ रहे हैं।"

हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत है, जो सामाजिक व्यवस्था को धर्म से नहीं जोड़ता। भाजपा नेता ने दावा किया, "यह इस्लामिक समाज है, जो सामाजिक और धार्मिक व्यवस्था को जोड़कर काम करता है। इसलिए वे सामाजिक व्यवस्था के अनुसार वोट करते हैं।" भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नतीजों का मतलब यह नहीं है कि लोगों की भगवान राम के प्रति भक्ति कम हो गई है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने का दावा कर रही भारतीय जनता पार्टी कुल 33 सीटों पर ही सिमट गई। वहीं इंडिया गठबंधन को 43 सीटों पर जीत मिली। जिसमें समाजवादी पार्टी कोे 37 सीट और कांग्रेस को 6 सीट मिली। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static