बड़े भाई ने बेटों के साथ मिलकर दो छोटे भाईयों को मार डाला,  जानिए क्या है वजह?

punjabkesari.in Saturday, Nov 26, 2022 - 05:28 PM (IST)

सीतापुर:  रामकोट में शुक्रवार को यूकेलिप्टस के पेड़ के बंटवारों को लेकर बड़े भाई ने बेटों संग दो छोटे भाईयों को खेत में दौड़ाकर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद हत्यारोपी फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी घुले सुशील चंद्रभान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना से रामकोट में सनसनी फैली हुई है।

रामकोट के बीहट गौर निवासी मुनीष शुक्ला व मुनींद्र शुक्ला पुत्र रामसनेही शुक्ला के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हुए हैं। जिन्हें कटवाने के लिए शुक्रवार को दोनों भाई खेत पर आए थे। उसी दौरान बड़े भाई सुनील शुक्ला ने अपने पेड़ बताकर काटने का विरोध किया। ऐसे में भाइयों में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ा तो बड़े भाई सुनील ने अपने पुत्रों मोहन, दीपू और गोपाल के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों भाईयों को खेत में दौड़ाकर धारदार हथियारों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गये। वहीं घटना की सूचना क्षेत्र में फैल गई, जिससे हड़कंप मच गया। जानकारी होने पर भारी पुलिस बल के साथ एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित मौके पर पहुंचे। उसके बाद एसपी सुशील चंद्रभान ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एसपी ने मृतक के घरवालों से पूछताछ की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतकों के छोटे भाई रामू ने बताया कि उसे भी खेत पर बुलाया गया था लेकिन वह नहीं गया। अगर वह होता तो उसकी भी हत्या कर दी जाती।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static