'मेरे बाबू ने खाना खाया ?', लड़कों को यूं शिकार बनाती थी ‘पूजा’, सुरीली आवाज के दिवाने हुए लोगों से की लाखों की ठगी; Dream Girl देखकर इंजीनियर ने रचा पूरा खेल
punjabkesari.in Friday, May 23, 2025 - 02:20 PM (IST)

आगरा : आयुष्मान खुराना अभिनीत फिल्म ड्रीम गर्ल में आयुष्मान खुराना लड़की की आवाज निकालते थे। फिल्म में पूजा की सुरीली आवाज के कई लोग दीवाने हो गए थे। पूजा घंटों लड़कों से बातचीत करती थी। इसी फिल्म की तर्ज पर इंजीनियर दुर्गेश लड़की की आवाज निकालकर कई युवकों को कॉल करने लगा। फिर धीरे-धीरे उनको झांसे में लेकर उनसे ठगी करने लगा। उसकी सुरीली आवाज के जाल में दो दर्जन से अधिक लोग फंस गए। जिनसे दुर्गेश ने लाखों की ठगी की थी। दुर्गेश का अंदाज ड्रीम गर्ल वाली पूजा से भी खतरनाक है। वह AI का भी इस्तेमाल करता है।
आरोपी दुर्गेश की ग्वालियर से हुई गिरफ्तारी
आगरा साइबर क्राइम थाना पुलिस बीती रात ग्वालियर पहुंची और उसे दबोच लिया। पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक लड़की युवाओं को ब्लेकमेल कर रही है। जिसकी छानबीन जब पुलिस ने शुरू की तो सर्विलांस के जरिये पता चला है कि वह ग्वालियर मे है। पुलिस ने जब घेराबंदी करके पिन पॉइंट छापा डाला तो वहां पता चला कि पूजा कोई लड़की नहीं बल्कि लड़का है। जिसका असली नाम दुर्गेश सिंह तोमर है। दुर्गेश लड़की की आवाज निकाल कर लड़कों से बात करता है और उन्हें फंसा कर ब्लेकमेल करता है।
न्यूड फोटो भेजकर करता था ब्लैकमेल
आरोपी "पूजा" को यूपी की आगरा पुलिस ने ग्वालियर आकर पकड़ा। दुर्गेश ने कई लड़कियों के नाम से सोशल मीडिया पर अकाउंट बना रखा है। वह न्यूड फोटो भेजकर लड़कों को अपने जाल में फंसाता था। फिर पैसों के लिए ब्लैकमेल करने लगता था।
लड़की की तरह बात करने की पहले की प्रेक्टिस
पूछताछ में पूजा उर्फ़ दुर्गेश तोमर ने बताया कि उसे युवाओं को ठगने का यह आइडिया आयुष्मान खुराना की फ़िल्म ड्रीम गर्ल देखकर आया। यहीं से उसके दिमाग़ मे लोगों को ठगने का आइडिया आया। उसने लड़कियों की आवाज निकालकर बातचीत करने की प्रेक्टिस की और फिर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर पूजा के नाम से फर्जी अकाउन्ट बनाकर ठगी का काम शुरू कर दिया।
अश्लील कंटेंट की मारफिंग कर करता था ब्लेकमेल
आरोपी "पूजा" सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर युवाओं को जोड़कर पहले उनसे दोस्ती करता था और फिर धीरे धीरे उन्हें बातों के जरिये प्रेम जाल में फंसाता था। फिर अश्लील कंटेंट मंगवाकर उनकी मारफिंग कर उन्हें भेजकर ब्लेकमेलिंग शुरू कर देता था।
सोशल मीडिया पर हैं कई फर्जी अकाउन्ट
दुर्गेश सिंह तोमर ने ये भी खुलासा किया कि सोशल मीडिया पर वह पूजा के अलावा अन्य नामों से भी फर्जी अकाउन्ट बनाकर लोगों को ब्लैकमेल कर ठगी कर चुका है। अब आगरा पुलिस उसे कोर्ट से रिमांड लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस उसके मोबाइल डेटा की भी जांच करेगी।
आरोपी "पूजा" ने पुलिस के सामने की लड़की की आवाज में बात
आपको बता दें कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस को शुरू में लगा कि दुर्गेश झूठ बोल रहा है। पुलिस ने उससे कहा कि युवती की आवाज में बात करे। उसे फोन मिलाकर दिया गया। फिर उसने अपनी सुरीली आवाज में सामने वाले से कहा कि अपना ध्यान रखो। साथ ही और भी बातें की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हूबहू वह किसी लड़की की तरह बात करके युवकों को आकर्षित करने की कोशिश करता था।