नकली दांत से जान पर बन आई! प्रयागराज में बुजुर्ग महिला के साथ हुआ बड़ा हादसा – एक घंटे की एंडोस्कोपिक सर्जरी से बचाई जान

punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 08:16 AM (IST)

Prayagraj News: अगर आपके घर में कोई बुजुर्ग नकली (कृत्रिम) दांत लगवाकर खाना खा रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा बन सकती है। प्रयागराज में एक ऐसी ही घटना सामने आई है, जिसने सबको सतर्क कर दिया है।

क्या हुआ 60 वर्षीय पुष्पा देवी के साथ?
प्रयागराज के जानसेनगंज की रहने वाली 60 वर्षीय पुष्पा देवी के असली दांत गिर गए थे, जिसके बाद उनके परिजनों ने उन्हें नकली दांत (डेंचर) लगवा दिए। सबकुछ सामान्य चल रहा था और वे आराम से खाना खा रही थीं। लेकिन एक दिन भोजन करते वक्त अचानक उन्हें तेज दर्द हुआ, सांस लेने में परेशानी हुई, उल्टी जैसा महसूस हुआ, गले में रुकावट आ गई। हालत बिगड़ती देख पहले आसपास के हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज के मुंडेरा स्थित नारायण स्वरूप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों को चौंका देने वाली रिपोर्ट
डॉ. राजीव सिंह और उनकी टीम ने फौरन एक्स-रे और एंडोस्कोपी करवाई। रिपोर्ट देखकर सभी डॉक्टर हैरान रह गए  क्योंकि पुष्पा देवी के गले की खाने की नली (Esophagus) में नकली दांत फंसा हुआ था। समय पर इलाज न होता तो यह स्थिति जानलेवा बन सकती थी।

एक घंटे की एंडोस्कोपिक सर्जरी से बचाई जान
डॉ. राजीव सिंह और उनकी टीम ने एंडोस्कोपी (दूरबीन प्रक्रिया) के जरिए करीब एक घंटे की सर्जरी करके बड़ी सावधानी से नकली दांत को गले से बाहर निकाला। अब पुष्पा देवी पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य भोजन कर रही हैं।

क्या सावधानियां बरतनी चाहिए नकली दांत पहनने वालों को?
डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि नकली दांत पहनने वालों को ये बातें ध्यान में रखनी चाहिए:

दांत की फिटिंग समय-समय पर चेक करवाएं
– ढीले या असहज लगने पर तुरंत डेंटिस्ट को दिखाएं।

खाना खाते समय सावधानी बरतें
– बहुत सख्त या चिपचिपा खाना खाने से बचें।

अगर कुछ निगल गया हो या गले में अटक जाए
– घरेलू उपाय या देरी ना करें, तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।

नियमित रूप से डेंटल चेकअप कराएं
– खासतौर से बुजुर्गों के लिए ये जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static