मुजफ्फरनगर महापंचायत: किसानों की ताकत देखेगा भारत... देशभर से अन्नदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू

punjabkesari.in Sunday, Sep 05, 2021 - 11:09 AM (IST)

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की महापंचायत आज होगी। शहर के जीआईसी ग्राउंड में होने वाली इस महापंचायत का आयोजन संयुक्त किसान मोर्चा कर रहा है। किसान मोर्चा का दावा है कि इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र सहित देशभर के 5 लाख से भी अधिक किसान शामिल होंगे। वहीं भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत के बेटे गौरव खुद आयोजन का जिम्मा संभाल रहे हैं। महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए देश भर से अन्नदाताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस कार्यक्रम में बच्चे और महिलाएं भी शामिल होने के लिए पहुंच रही है। 

PunjabKesari
महापंचायत... मुजफ्फरनगर में रचेगी किसान आंदोलन का इतिहास
बता दें कि मुजफ्फरनगर शहर को किसान एकता जिंदाबाद... किसानों की ताकत देखेगा भारत, 5 सितंबर ऐतिहासिक किसान महापंचायत, क्रांति की धरा मुजफ्फरनगर रचेगी किसान आंदोलन का इतिहास जैसे नारे लिखे बड़े-बड़े होर्डिंगों से पाट दिया गया है। चारों तरफ लाउडस्पीकर लगे हैं। एक ही आवाज, मुजफ्फरनगर चलो...किसानों की ताकत देखेगा भारत... गूंज रही है। किसानों के जत्थे पहुंचना भी शुरू हो गए हैं। किसानों के खान-पान की व्यवस्था के लिए अलग-अलग जगहों पर 500 भंडारे किए गए हैं। वहीं खाना तैयार करने में 5 हजार कारीगर (बावर्ची) जुटे हैं। वहीं किसान नेता खुद हाथ बंटाते नजर आ रहे हैं। भंडारों के अलावा 110 गांवों से भी खाना बनकर आएगा। अन्य जगह भी भट्ठी चढ़ा दी गई है। भंडारों में किसान खुद आलू छीलते हुए नजर आए।

PunjabKesari
कार्यक्रम स्थल पर नरेश टिकैत के भाई सुरेंद्र सिंह डटे हुए
पिछले 3 दिनों से लगातार हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें में बढ़ा दी है। कार्यक्रम स्थल, जीआईसी ग्राउंड में पानी भर गया है। करीब 200 से 250 लोग मैदान में लगे पानी और कीचड़ को निकाल रहे हैं। जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। खुद इस काम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के भाई सुरेंद्र सिंह लगे हुए हैं। जो बाल्टी लेकर पानी के निकाल रहे हैं। वहीं जेसीबी की मदद से मिट्टी डाली जा रही है। मैदान के ज्यादातर हिस्से को तैयार किया जा रहा है। हालांकि, शनिवार सुबह मौसम साफ है। धूप भी निकली है।

PunjabKesari
10 फीट ऊंचा मंच... 100 फीट की ऊंचाई पर लहरा रहा तिरंगा
किसानों की महापंचायत के लिए मैदान एक साइड में 10 फीट ऊंचा मंच बनाया है। जिसकी लंबाई और चौड़ाई 100 फीट है। यहीं से महापंचायत में आने वाले किसानों को संबोधित किया जाएगा। वहीं ग्राउंड में 100 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहरा रहा है। वहीं किसानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। एक जत्थे में 100 से 250 तक किसान शामिल हैं। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। दूर-दूर सड़कों पर सिर्फ किसान ही नजर आ रहे हैं।

PunjabKesari
किसान महापंचायत को लेकर प्रशासन ने कसी कमर... सुरक्षा के कड़े इंतजाम
केंद्रीय कृषि कानूनों सहित किसानों से जुड़े मुद्दों पर रविवार को होने वाली ‘किसान महापंचायत' स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की 8 कंपनियां, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की दो कंपनियां तथा यूपी पुलिस के अलावा एटीएस की तैनात की गई है। कुल मिलाकर करीब 3 हजार जवान सुरक्षा में लगे हैं। सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) प्रीतिंदर सिंह, मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल, और मुजफ्फरनगर एसएसपी अभिषेक यादव ल गातारसुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

गौरतलब है कि किसान नेता राकेश टिकैत ने शनिवार को कहा था कि मैं लोगों से वादा करता हूं कि महापंचायत में बहुत बड़ी संख्या में किसान सम्मिलित होंगे। किसानों की संख्या बता पाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि किसानों को महापंचायत जाने से कोई नहीं रोक सकता। अगर प्रशासन रोकेगी तो हम तोड़कर आगे जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static