BJP को सता रहा है हार का डर, बौखलाहट में सपा कार्यकर्ताओं को कर रही परेशान: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Dec 20, 2021 - 07:51 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर राजनीति को प्रदूषित करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव न सिर्फ राज्य बल्कि केन्द्र सरकार का भी भविष्य तय करेंगे। अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा के शासन में नागरिकों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। लोकतंत्र को खतरा है। भाजपा बार-बार झूठ बोलकर अपनी गलतबयानी को सच बनाना चाहती है। वह चालाकी से सराबोर है। उसने न केवल नदियों को बल्कि राजनीति को भी प्रदूषित कर दिया है।'' उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा के चुनावों से प्रदेश का ही नहीं केन्द्र सरकार का भविष्य भी तय होगा।

 भाजपा का तथाकथित रथ जुगाड़ का है जबकि समाजवादी रथ से जनआकांक्षाएं जुड़ी हुई हैं। समाजवादी पार्टी की विजय रथ यात्रा के पहिए रूकने वाले नहीं है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा संस्कृत-संस्कृति का राग अलापती है, मगर उसने उसको क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा को समाजवादी सरकार ने ही सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी के सम्पूर्णानंद संस्कृत महाविद्यालय को प्रदेश की पिछली सपा सरकार ने ही 50 करोड़ रुपये दिए थे। 

उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा को हार का भय सता रहा है। वह बौखलाहट में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। हार के डर से बौखलाई भाजपा अब अपनी सरकारी संस्थाओं का दुरूपयोग करके विपक्ष को दबाने पर तुली है लेकिन इससे भाजपा के खिलाफ जनआक्रोश ज्यादा बढ़ा है। लोग अब लोकतंत्र और जनविरोधी सरकार को सत्ता में ज्यादा दिनों तक नहीं देखना चाहते।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static