Sultanpur: CJM कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई, इंस्पेक्टर के अपहरण मामले में तत्कालीन महिला SO समेत सिपाही पर FIR

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 11:08 PM (IST)

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिला मुख्यालय के कोतवाली नगर में एक पुलिस निरीक्षक के कथित अपहरण के मामले में अदालत के आदेश पर महिला थाने की तत्‍कालीन प्रभारी निरीक्षक और एक सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

महिला थानाध्यक्ष कुशवाहा निलंबित
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमेन बर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश पर महिला निरीक्षक और सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और पुलिस निरीक्षक निशू तोमर का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) के आदेश पर कोतवाली थाने में सुलतानपुर की तत्‍कालीन महिला थानाध्यक्ष (निरीक्षक) मीरा कुशवाहा और एक महिला सिपाही के खिलाफ शनिवार को अपहरण की धारा में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही एसपी ने महिला थानाध्यक्ष कुशवाहा को निलंबित कर दिया था।

महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर पर लिखाया था रेप का FIR
घटना के संदर्भ में पुलिस ने बताया कि सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाने में तैनात रहे पुलिस निरीक्षक निशू तोमर के खिलाफ जुलाई माह में एसपी कार्यालय में तैनात एक महिला सिपाही ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि इसी सिलसिले में तोमर के खिलाफ कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं के अधीन पुलिस ने मामला दर्ज किया। तोमर के खिलाफ सिपाही के घर में घुसकर मारपीट करने, धमकी देने तथा गाली-गलौज करने और पैसे के लेनदेन की धाराएं भी लगाई गई थी।

22 सितंबर से लापता हैं इंस्पेक्टर
पुलिस सूत्रों के अनुसार पहले इस मामले की विवेचना कोतवाली नगर के प्रभारी राम आशीष उपाध्याय को मिली, लेकिन पीड़िता सिपाही ने उन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया, जिसके बाद यह मामला महिला थानाध्यक्ष मीरा कुशवाहा के पास स्थानांतरित कर दिया गया। इस बीच 22 सितंबर को मीरा कुशवाहा को जिला सत्र न्‍यायालय में तोमर के मौजूद होने की सूचना मिली तो वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी पुलिस निरीक्षक को पकड़कर महिला थाने लेकर आयी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस निरीक्षक तोमर रहस्यमय ढंग से गायब हो गये। तोमर की पत्नी कुसुम ने जब पति की खोजबीन की तो पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया गया था। 22 सितंबर से अब तक तोमर का पता नहीं लगने पर कुसुम ने अदालत की शरण ली और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया था।

अदालत के आदेश पर कोतवाली नगर में दर्ज हुआ केस
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रचना ने शुक्रवार को पीड़िता के प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए नगर कोतवाली पुलिस को तत्कालीन महिला थानाध्यक्ष मीरा कुशवाहा और तोमर के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला सिपाही के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने नगर कोतवाली में मामला पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static