Flood In UP: हमीरपुर में यमुना उफान पर; जालौन के दर्जनों गांव जलमग्न, हरदोई समेत कई जिलों में बिगड़े हालात

punjabkesari.in Saturday, Sep 14, 2024 - 10:08 AM (IST)

Flood In UP: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में माताटीला व लहचूरा बांध से छह लाख क्यूसिक पानी छोडे जाने से यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गयी है। बेतवा नदी खतरे के निशान के आधा मीटर दूर बतायी जा रही है। लगातार बाढ का पानी बढ़ने से नदी के किनारे बस्तियों में पानी भर गया है वही सैकडो एकड़ फसल जल मग्न हो गयी है। वहीं, जालौन, बांदा-चित्रकूट और फर्रुखाबाद में नदी के तटवर्ती इलाके जलमग्न हो गए हैं। उधर हरदोई में शुक्रवार को 90 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पूरा शहर जलमग्न हो गया। वेधशाला में 24 घंटे में 90 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से जन जीवन प्रभावित हुआ है।

खतरे का निशान से पार गई नदियां
जानकारी के मुताबिक, यमुना नदी के खतरे का निशान 103.63 मीटर है व बेतवा नदी का खतरे का निशान 104.54 मीटर है, यमुना नदी का जल स्तर 103.250 मीटर पहुंच गया है जो खतरे का निशान से पार है। बेतवा नदी का जलस्तर 103.330 मीटर है। आज यानी शनिवार शाम तक धौलपुर से चार लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़े जाने की सूचना प्राप्त हुई है, जिससे यमुना नदी का जल स्तर एक मीटर रविवार तक बढ़ सकता है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी के किनारे बसे लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। डिग्री कॉलेज कुछेछा में राहत शिविर स्थापित किया गया है वहां पर सभी विभागों के लोगो को अपने विभाग से संबंधित प्रबंध करने को कहा गया है।

PunjabKesari
11 जिलों के 36 गांव हैं बाढ़ से प्रभावित
अधिकृत सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के 11 जिलों के 36 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अतिवृष्टि से छह तथा आकाशीय बिजली से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। बारिश से कन्नौज, मथुरा, इटावा, बुलन्दशहर, अमरोहा एवं गाजियाबाद में एक-एक तथा बिजली गिरने से श्रावस्ती में एक की मौत हुयी है। गंगा नदी बदायूं (कचरा ब्रिज) में, केन नदी बांदा (बांदा) तथा चम्बल नदी धौलपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद, गोण्डा, बलिया, लखीमपुर खीरी , बाराबंकी , जालौन , सीतापुर, देवरिया, बांदा , गौतमबुद्धनगर तथा पीलीभीत जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 17 लोगों की मृत्यु हुई है। मृतकों के परिजनों को 04-04 लाख रुपये की सहायता धनराशि प्रदान की जा चुकी है। अब तक तीन हजार 56 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनके सापेक्ष राहत सहायता वितरित की जा चुकी है।

3 दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। आईएमडी के मुताबिक, 15 सितंबर से 17 सितंबर तक यूपी के अलग अलग जगहों पर मध्यम और कम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के भविष्यवाणी के अनुसार, यूपी में 14 सितंबर को श्रावस्ती, कन्नौज, ललितपुर, बुलन्दशहर, इटावा, मुरादाबाद, बहराइच, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा में हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static