भाजपा राज में वनों का ...जो बेतहाशा अतिक्रमण किया जा रहा है,...जंगली जानवर बस्तियों में आने को मजबूर: अखिलेश
punjabkesari.in Wednesday, Jun 25, 2025 - 01:00 PM (IST)

लखनऊ: लखीमपुर खीरी जिले के बबुरी गांव के पास ईंट-भट्ठे पर तेंदुए के हमले में घायल युवक को अच्छे से इलाज कराए जाने की मांग अखिलेश यादव ने की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि धौरहरा के ग्राम बबुरी स्थित ईंटें के भट्ठे पर एक तेंदुए से मुकाबला करते जो मजदूर घायल हुआ है उसके अच्छे से अच्छे इलाज-उपचार की व्यवस्था की जाए। भाजपा राज में वनों को लूटने के लिए लगातार बढ़ता हुआ, जो बेतहाशा अतिक्रमण किया जा रहा है, उसकी वजह से ही जंगली जानवर बस्तियों में आने को मजबूर हो रहे हैं। वनों की ये लूट तभी रुकेगी, जब पर्यावरण संरक्षण की सोच वाली सरकार आएगी।
धौरहरा के ग्राम बबुरी स्थित ईंटें के भट्ठे पर एक तेंदुए से मुकाबला करते जो मजदूर घायल हुआ है उसके अच्छे से अच्छे इलाज-उपचार की व्यवस्था की जाए।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 24, 2025
भाजपा राज में वनों को लूटने के लिए लगातार बढ़ता हुआ, जो बेतहाशा अतिक्रमण किया जा रहा है, उसकी वजह से ही जंगली जानवर बस्तियों में आने… pic.twitter.com/FeRU61h2E2
आप को बता दें कि लखीमपुर खीरी जिले के बबुरी गांव के पास ईंट-भट्ठे में छुपे तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया और इस दौरान युवक ने अदम्य साहस दिखाते हुए तेंदुए से मुकाबला किया तथा उसकी गर्दन दबोच ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के बबुरी गांव निवासी मिहीलाल नामक युवक तेंदुए से मुकाबला करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में युवक पूरी हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन को कसकर पकड़े नजर आ रहा है और ग्रामीण उसे बचाने के लिए तेंदुए को लगातार ईंट मार रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा युवक को बचाने के लिए फेंकी गयी ईंटों की चपेट में आने से तेंदुआ भी जख्मी हुआ है।
पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने युवक तथा तेंदुए को बचाया। दुधवा बफर जोन के क्षेत्र उपनिदेशक सौरीश सहाय ने बताया कि ग्रामीणों ने घटना के बारे में वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद बचाव दल ने तेंदुए को बेहोश किया और उसे धौरहरा रेंज मुख्यालय ले जाया गया। तेंदुए के हमले में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के हमले में तेंदुआ घायल हुआ है। होश में आने के बाद उसकी स्थिति स्पष्ट होगी। सहाय ने बताया कि एक अन्य घटना में शारदानगर क्षेत्र के जटपुरवा गांव में वन विभाग की टीम ने बबुरी गांव की घटना से कुछ घंटे पहले एक बीमार तेंदुए को पकड़ा। राहगीरों ने कांप रहे एक बीमार तेंदुए को देखकर वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के बचाव दल ने तेंदुए को रेंज मुख्यालय पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुधवा के पशु चिकित्सक दोनों तेंदुओं की शारीरिक जांच कर रहे हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।