''वन स्टॉप सेंटर'' से भागी नाबालिग लड़की, दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 12:47 PM (IST)
देवरिया: यूपी के देवरिया जिले के 'वन स्टॉप सेंटर' से एक नाबालिग लड़की के भागने के बाद एक महिला उप निरीक्षक और एक महिला आरक्षी को निलंबित कर दिया गया। 'वन स्टॉप सेंटर' महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक सरकारी सहायता केंद्र होता है, जहां उन्हें एक ही जगह पर कई प्रकार की मदद दी जाती है।
ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने का आरोप
पुलिस के अनुसार, देवरिया में 'वन स्टाप सेंटर' से फरार किशोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने एक महिला उप निरीक्षक और महिला सिपाही को निलंबित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आशा ज्योति केन्द्र में नियुक्त महिला उप-निरीक्षक रेखा देवी व महिला आरक्षी सरिता बिन्दु को ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अकर्मण्यता बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है।
सिपाही को चकमा देकर भागी किशोरी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इसके अतिरिक्त तत्समय ड्यूटी पर मौजूद महिला पीआरडी किरन देवी, महिला पीआरडी शीला देवी, महिला पीआरडी मंशा देवी तथा वन स्टाप सेंटर प्रबंधक नीतू भारती के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही किए जाने के लिए जिलाधिकारी देवरिया को रिपोर्ट प्रेषित की गई है। तरकुलवा क्षेत्र की एक किशोरी 14 फरवरी से सुरक्षा और काउंसलिंग के उद्देश्य से वन स्टाप सेंटर में रखा गया था। बुधवार की शाम वह वहां तैनात पीआरडी की एक महिला सिपाही के साथ कुछ सामान लेने के लिए वन स्टॉप सेंटर से बाहर गई थी। लेकिन, वह सिपाही को चकमा देकर फरार हो गई। पुलिस और सेंटर के कर्मचारी उसकी तलाश में जुटे हैं।

