CM Yogi से मिले Gautam Adani, डेढ़ घंटे चली बातचीत, राज्य में निवेश और बड़े प्रोजेक्ट्स पर हुई चर्चा

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 11:33 AM (IST)

लखनऊ : उद्योगपति गौतम अदाणी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और राज्य के महत्वाकांक्षी आर्थिक विकास लक्ष्यों के लिए समर्थन व्यक्त किया। अदाणी समूह के चेयरमैन ने बृहस्पतिवार को हुई इस बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी और उत्तर प्रदेश को बड़ा आर्थिक केंद्र बनाने के मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण की सराहना की। 

अदाणी ने आदित्यनाथ द्वारा प्रस्तुत उस एक खाके का उल्लेख किया जिसके तहत उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 2030 तक 1000 अरब अमेरिकी डॉलर और 2047 तक 6000 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अदाणी ने लिखा, '' कुछ दृष्टिकोण राष्ट्रों को नया आकार देते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विकसित उत्तर प्रदेश का खाका प्रस्तुत करते हुए सुनना अविस्मरणीय क्षण था। 2030 तक 1000 अरब डॉलर और 2047 तक 6000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था.. यह इस बात की घोषणा है कि उत्तर प्रदेश क्या बनने में सक्षम है।'' 

उन्होंने कहा, '' अदाणी समूह बिजली, रक्षा, हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के जरिये उत्तर प्रदेश के परिवर्तन के सफर में योगदान देने पर गर्व महसूस करता है। हम इस भविष्य के निर्माण में सहयोग करने के लिए मौजूद हैं।'' इससे पहले बृहस्पतिवार को दिन में अदाणी ने अपनी पत्नी प्रीति अदाणी, बेटे करण अदाणी और बहू परिधि अदाणी के साथ हनुमान जयंती के अवसर पर अयोध्या के राम मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static