Ghaziabad Flood: हिंडन नदी का बढ़ा जलस्तर, सिटी फॉरेस्ट समेत कई कॉलोनियां जलमग्न... NDRF ने 50 लोगों का किया रेस्क्यू

punjabkesari.in Sunday, Jul 23, 2023 - 11:36 PM (IST)

Ghaziabad Flood: हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से गाजियाबाद की कई आवासीय कॉलोनी जलमग्न हो गई हैं। साहिबाबाद के करहेड़ा के अनेक घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है।
PunjabKesari
साहिबाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने रविवार को बताया कि बांधों से पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना की सहायक हिंडन नदी उफान पर है और उसका पानी करहेड़ा गांव में स्थित कई कॉलोनियों में घुस गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और साहिबाबाद पुलिस की टीम ने करहेड़ा गांव की प्रभावित कॉलोनियों से 50 से अधिक लोगों को मोटर बोट के जरिए बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वर्मा ने बताया कि बाढ़ की वजह से सिटी फॉरेस्ट के नजदीक तटबंध टूट गया है और अधिकांश क्षेत्र तथा आसपास की कई कॉलोनी जलमग्न हो गई हैं।
PunjabKesari
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने गाजियाबाद के निवासियों के सैर स्थल 'सिटी पार्क' को बंद कर दिया है। एनडीआरएफ शहर के अताउर नंगला और करहेड़ा में बचाव अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि नंद ग्राम थाना क्षेत्र के अटौर नंगला और नूर नगर गांव भी बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। कई गलियों और घरों में आठ फीट से ज्यादा पानी भर गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालकर करहेड़ा के कंपोजिट विद्यालय में बनाये गये राहत शिविर में भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static