गाजियाबाद: परचून की दुकान में लगी भीषण आग, 7 लोग बुरी तरह से झुलसे, 4 की हालत गंभीर
punjabkesari.in Saturday, Jun 25, 2022 - 12:54 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश गाजियाबाद जिले के खोड़ा इलाके में एक दुकान के अंदर भीषण आग लग गई। जिसके चलते हादसे में 7 लोग बुरी तरह से आग की चपेट में आ गए। जिसमें एक ही परिवार के 3 लोग मौजूद है। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल विभाग कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सभी फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। हालांकि कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पा लिया गया।
यह घटना शनिवार के दिन संगम पार्क के पास परचून की दुकान में हुई है। यहां अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि धीरे-धीरे आग पूरी दुकान में फैल गई। इतना ही नहीं आग ने दुकान के बाहर खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहीं इस घटना में 7 लोग भी झुलस गए। जिसमें दुकान चलाने वाले अशोक प्रजापति, बेटा विवेक प्रजापति व बेटी आरती प्रजापति भी शामिल है। आलम ये था कि जो लोग दुकान से सामान ले रहे थे, वह भी बुरी तरह से आग की चपेट में आ गए हैं।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पहुंची दमकल गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने घायलों को खिचड़ीपुर दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार 4 गंभीर रूप से झुलसे व्यक्तियों को सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर किया। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की वजह गैस रिफिलिंग बताई जा रही है। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।