मथुरा सड़क हादसा: ड्राइवर नहीं, सुबह 4 बजे कंडक्टर के हाथ में था स्टेयरिंग, फिर जो हुआ... 4 की मौ/त और 32 घायल
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 06:45 AM (IST)
Mathura News: मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक डबल-डेकर बस के एक कंटेनर ट्रक से टकराने से बस के ड्राइवर, कंडक्टर और क्लीनर समेत 4 लोगों की मौत हो गई और लगभग 32 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई डबल-डेकर बस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 4 बजे राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर 111वें और 112वें किलोमीटर के बीच हुआ। उन्होंने बताया कि इस हादसे में लखनऊ से आ रही बस एक्सप्रेसवे पर अपने आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गई। पुलिस ने देर रात एक बयान में बताया कि हादसे में मारे गए सभी 4 यात्रियों की पहचान कर ली गई है।
हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के नाम आए सामने
बयान के अनुसार मृतकों की पहचान बस चालक उपदेश कुमार (32), हरि ओम (36), खुर्शीद अंसारी (25) और मुबारक (22) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 112 और 113 के बीच हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में 65 यात्री सवार थे और हादसे में घायल 32 यात्रियों का इलाज मथुरा के जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
अधिकृत ड्राइवर नहीं, कंडक्टर चला रहा था तेज रफ्तार बस
सूत्रों ने बताया कि बाकी 29 यात्रियों को वैकल्पिक इंतजाम करके उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। कुमार ने कहा कि शुरुआती जांच और घायल यात्रियों के बयानों से पता चलता है कि हादसे के समय बस को अधिकृत ड्राइवर नहीं चला रहा था। इसके बजाय, कंडक्टर वाहन तेज रफ्तार चला रहा था। उन्होंने बताया कि कंटेनर अपनी तय लेन में चल रहा था, तभी तेज रफ्तार बस अचानक मुड़ी और पीछे से उससे टकरा गई।
अस्पताल पहुंचे DM और SSP, सभी की हालत स्थिर
एसएसपी ने कहा कि हादसे की सही वजहों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने उनसे मुलाकात की। एसएसपी ने कहा कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है। उनमें से 2 को फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें हर संभव बेहतर इलाज दिया जा रहा है।

