घोसी उपचुनाव: समाजवादी पार्टी ने घोषित किया प्रत्याशी, सुधाकर सिंह को बनाया उम्मीदवार
punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 05:12 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में घोसी विधानसभा सीट पर 5 सितंबर को उपचुनाव घोषित कर दिया गया है। जिसके चलते सपा विधायक रहे दारा सिंह चौहान के इस्तीफे से खाली हुई मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट के लिए सपा ने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। सपा ने सुधाकर सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
सपा ने ट्वीट कर घोषी विधानसभा सीट से सुधाकर सिंह के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है। सुधाकर सिंह घोसी विधानसभा के एक कद्दावर नेता माने जाते हैं और उनकी जनता में अच्छी खासी पकड़ भी है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह दो बार सपा से विधायक रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि 1996 और 2012 विधानसभा चुनाव में सुधाकर सिंह घोषी सीट से सपा विधायक रहे हैं, लेकिन 2017 विधानसभा चुनाव में बीजेपी के फागू चौहान से चुनाव हार गए थे और 2019 में हुए उपचुनाव में भी सपा ने सुधाकर सिंह को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन हार गए थे।
दारा सिंह चौहान सपा विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें यूपी में मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। विधानसभा सीट के रिक्त घोषित होने के बाद इस पर उपचुनाव की घोषणा कर दी गई थी। घोसी सीट पर पांच सितंबर को वोटिंग होगी और परिणाम 8 सितंबर को आएगा। बता दें कि 5 सितंबर को घोषी विधानसभा सीट समेत सभी देशभर की 7 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। इसके नतीजे 8 सितंबर को आएंगे।