यूपी उपचुनाव में बाेले CM योगी: गुंडे या तो जेल गए या ''राम नाम सत्य है'' की यात्रा पर

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2020 - 01:38 PM (IST)

यूपी डेस्क: बिहार विधानसभा के साथ साथ यूपी उपचुनाव में भी प्रचार तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फिरोजाबाद जनपद के टूंडला में भाजपा के उम्मीदवार प्रेमपाल धनगर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को गुंडाराज से मुक्ति मिली है। गुंडे या तो जेल गए या फिर 'राम-नाम सत्य है' की यात्रा पर। भाजपा के शासन में गुंडों को सड़क पर घूमने की आजादी नहीं है। 

यूपी अब उत्तम प्रदेश बन रहा 
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब यूपी उत्तम प्रदेश बन रहा है। भाजपा के शासन में अभी तक प्रदेश में कहीं कोई दंगा नहीं हुआ है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अराजक शासन से भाजपा ने मुक्ति दिलाई है। पहले सरकारी नौकरियां खास लोगों तक सीमित थीं। भाजपा ने तीन साल में तीन लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी हैं।

भाजपा के शासन में अयोध्या में भव्य राममंदिर बनने जा रहा
राममंदिर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी कहा कि भाजपा के शासन में अयोध्या में भव्य राममंदिर बनने जा रहा है। अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए बोले, भाजपा ने 'एक राष्ट्र एक निशान' के संकल्प को साकार किया है। आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोंकी है।

7 सीटों पर हो रहा उपचुनाव
गौरतलब है कि प्रदेश की 7 सीटों ( बुलंदशहर, घाटमपुर (सु.), मल्हानी, बांगरमऊ, टूंडला, नौगांव सादात, देवरिया) पर 3 नवंबर को मतदान होगा जबकि 10 नवंबर को परिणाम गोषित किए जाएंगे। 


  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static