नौकरी न मिलने पर घर वालों को खुश करने के लिए पहनी वर्दी, GRP ने प्रयागराज से धर दबोचा फर्जी RPF दारोगा, 3 महीने से ट्रेन में कर रहा था मुफ्त यात्रा
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 02:51 PM (IST)
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने फर्जी आरपीएफ दारोगा बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई महीनों से वर्दी पहनकर ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर रहा था। शक होने पर पूछताछ की गई तो उसने खुद को नकली अधिकारी बताते हुए पूरा मामला कबूल कर लिया।
प्लेटफॉर्म से दबोचा गया आरोपी
जीआरपी पुलिस ने आरोपी को प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है, जो ग़ाज़ीपुर जिला के बरेसर थाना क्षेत्र के रेंगा गांव का रहने वाला है।
नौकरी के दबाव में अपनाया तरीका
पूछताछ के दौरान दिव्यांशु ने बताया कि परिवार की ओर से नौकरी करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। नौकरी न मिलने के कारण उसने आरपीएफ की नकली वर्दी पहनकर खुद को दारोगा बताना शुरू कर दिया। इससे उसे ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने में आसानी होती थी और घरवालों को भी लगता था कि उसे नौकरी मिल गई है।
वर्दी और सामान बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से आरपीएफ की वर्दी, उस पर लगे स्टार, बैज, मोनोग्राम, बेल्ट, नीली डोरी, लाल जूते और खाकी मोजे बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से 650 रुपये नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी मिला है। यह कार्रवाई आरपीएफ इंस्पेक्टर अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर भूपेंद्र कुमार और संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी रेलवे पुलिस थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

