GST व्यवस्था ने प्रधानमंत्री की ‘डिजिटल इंडिया'' की संकल्पना को साकार किया: योगी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 02, 2019 - 07:50 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीएसटी व्यवस्था ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘डिजिटल इंडिया' की संकल्पना को भी साकार किया है। योगी ने कहा कि 1 जुलाई, 2017 की मध्य रात्रि को लागू की गई वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कर प्रणाली मोदी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की परिकल्पना साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने देशहित के लिए प्रत्येक सुधार को दृढ़ इच्छा शक्ति से लागू किया है। विगत 2 वर्षों में, इस कर सुधार प्रणाली ने अपनी सफलता सिद्ध की है। जीएसटी की सफलता में उद्यमियों, व्यापारियों, कारोबारी संगठनों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों आदि सभी का सहयोग सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि जीएसटी कर प्रणाली को और सरल, सुगम और सुदृढ़ बनाने के लिए संवाद और टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री सोमवार शाम यहां बीबीडी विश्वविद्यालय के डॉ. अखिलेश दास सभागार में केन्द्रीय जीएसटी एवं प्रदेश के वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जीएसटी द्वितीय स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत एक विविधताओं से युक्त देश है। इसलिए ‘एक राष्ट्र, एक कर' को लेकर काफी संदेह थे। जीएसटी की सफलता ने दर्शाया है कि अपनी विविधताओं के बावजूद एक और श्रेष्ठ भारत के लिए सभी भारतवासी प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद ‘ई-वे बिल' को लेकर व्यापारियों को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। आज लांच किए गए ‘ई-वे बिल कलेक्शन' एप के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सुधार को लागू करना चुनौतीपूर्ण होता है, किन्तु आवश्यकतानुसार संशोधनों से उसे उपयोगी बनाया जाना सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। जीएसटी काउन्सिल ने अब तक 35 बैठकें कर जीएसटी कर प्रणाली को निरन्तर बेहतर बनाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static