हरदोईः मूक बधिर किशोरी 7 माह की हुई गर्भवती, घर में अकेला पाकर युवक करता था दुष्कर्म
punjabkesari.in Friday, Sep 23, 2022 - 11:51 AM (IST)

हरदोईः उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर एक मूक बधिक नाबालिग लड़की से एक युवक ने दुष्कर्म कर दिया है। जिसके बाद लड़की गर्भवती हो गई। इस घटना की जानकारी उसके परिजनों को तब हुई जब लड़की गर्भवती हो गई। इस मामले की शिकायत परिजनों ने पुलिस में की लेकिन पुलिस ने परिवार की तहरीर पर भी यह मामला दर्ज नहीं किया। जिसके बाद पीड़ित परिवार एसपी से मिले तब जाकर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की है।
बता दें कि यह मामला जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। यहां पर एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी अपने घर में अकेली रहती है और उसका पिता आंझी स्टेशन के पास मजदूरी करते है। मिली जानकारी मुताबिक यह लड़की मूक बधिक है। जिसके साथ गांव में ही रहने वाले एक युवक ने दुष्कर्म कर दिया। दरअसल, गांव का एक लड़का लड़की को घर में अकेला पाकर घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। इस किशोरी के साथ उस युवक ने कई बार दुष्कर्म किया। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई। इस मामले की जानकारी पिता को तीन दिन पहले हुई। पीड़िता की बड़ी बहन के आने पर खुलासा हुआ कि उसकी छोटी बहन 7 माह से गर्भवती है।
पुलिस ने मामला दर्ज करने में की देरी
घटना की जानकारी होने के बाद पिता ने आंझी चौकी में युवक के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पिता ने एसपी को युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इधर मामला दर्ज होने की जानकारी के बाद से ही युवक अपने घर से फरार है। इस मामले में एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। हालांकि, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि शुरुआत में पुलिस ने यह मामला दर्ज नहीं किया था।