दो महीने से पति Youtube पर देख रहा था हत्या का तरीका, प्रेमिका संग मिल किया पत्नी का कत्ल

punjabkesari.in Sunday, Jan 01, 2023 - 11:27 AM (IST)

हापुड़: यूपी के हापुड़ से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक पति ने प्रेमिका के लिए पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हैरत की बात ये है कि पति ने गूगल पर हत्या के तरीके देखकर पत्नी सोनिया (35) की जान लेने की साजिश रची। गूगल से मिली तरकीब को अपनाते हुए उसने पुलिस से झूठ बोला कि पत्नी की हत्या बाइक सवार 4 बदमाशों ने लूटपाट के लिए की है, लेकिन आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल ने सारा राज खोल दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
PunjabKesari
जानिए क्या है मामला?
मामला जिले के मोदीनगर के आनंद विहार का है। यहां के निवासी विकास हरियाणा के भिवाड़ी में अरविंदा फार्मा कंपनी में क्वालिटी मैनेजर है। इसी कंपनी में अमीषा काम करती है। दोनों में दो साल से प्रेम प्रसंग हैं। सोनिया को इसका पता चल गया था। वह इसका विरोध कर रही थी। दोनों में कई बार झगड़ा हो चुका था। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि वह अमीषा के साथ रहना चाहता था। अमीषा भी उस पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इस पर दोनों ने तय कर लिया कि सोनिया की हत्या करेंगे। पुलिस के मुताबिक, दो महीने से विकास गूगल पर हत्या के तरीके के ढूंढ रहा था। उसकी तलाश ऐसा तरीका मालूम करने की थी कि जिससे हत्या करके उस पर पुलिस को शक न हो। एक वीडियो में उसे ऐसा एक तरीका मिला। उसने पूछताछ में बताया कि उसने इसी तरीके पर चलकर वारदात की।
PunjabKesari
हत्या के तरीके ढूंढ रहा था पति
सोनिया का मायका हापुड़ के आर्यनगर में है। हत्या की रिपोर्ट उसके पिता त्रिलोक चंद शर्मा ने दर्ज कराई थी। सोनिया और विकास की शादी 12 साल पहले हुई थी। विकास और अमीषा ने सोनिया की हत्या शुक्रवार शाम 5 बजे गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी और डायमंड फ्लाईओवर के पास कार में की थी। पुलिस को सूचना आठ बजे दी। इसमें बताया कि बदमाश हत्या कर 50 हजार रुपये लूट ले गए हैं। विकास पिछले दो महीने ने हत्या की साजिश रच रहा था। उसके मोबाइल फोन की पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसने हत्या के कई तरीको के बारे में गूगल पर खोच की। उसने गूगल से यह भी पूछा कि हथियार कहां से मिल सकता है? जहर ऑनलाइन शॉपिंग एप से मिल सकता है या नहीं।
PunjabKesari
क्या कहती है पुलिस?
हापुड़ पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि शुक्रवार को समय करीब रात्रि 8  बजे थाना हापुड़ नगर पुलिस को एक व्यक्ति (मृतका का पति) ने सूचना दी कि निजामपुर के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा लूट करने के उद्देश्य से मेरी पत्नी की हत्या कर दी गई है। सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और टीमों का गठन कर जांच की गई। एसपी ने बताया कि उसके मोबाइल से कुछ ऑडियो और वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वहीं अमीषा की तलाश की भी जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static