पड़ोसी देशों में आपातकाल के हालात, भारत विकास के रास्ते पर बढ़ रहा ''एकमात्र देश'' : CM Yogi

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 12:05 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दावा किया कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से पड़ोसी देशों में अघोषित आपातकाल जैसे हालात होने के बीच भारत विकास के पथ पर लगातार कदम बढ़ा रहा दुनिया का एकमात्र देश है। मुख्यमंत्री ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 665 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपजे हालात का जिक्र किया। 

उन्होंने कहा, ''युद्ध की वजह से अस्थिरता का माहौल है। दुनिया संकट में है और उथल-पुथल चल रही है। अनेक देशों में आपातकाल लागू हो गया है। वहां लोगों में संशय का माहौल बना हुआ है। तमाम देशों ने अपने यहां लोगों की सेवा में कटौती शुरू कर दी है। कार्य के घंटे और वेतन को कम करना प्रारंभ कर दिया है, क्योंकि अब उनकी अर्थव्यवस्था जवाब दे रही है।'' 

आदित्यनाथ ने कहा कि खाड़ी के देशों पर कम निर्भरता वाले अमेरिका जैसे देश में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के अगल-बगल के देशों में पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमा, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया सबकी हालत खराब है और अघोषित आपातकाल जैसी स्थितियां हैं, लेकिन इन सब में बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके भारत दुनिया का एकमात्र देश है, जो लगातार अपनी यात्रा की ओर मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है, क्योंकि भारत के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे 'दूरदर्शी नेता' हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static