''अब किसके सहारे जिऊंगी…किससे दुख दर्द कहूंगी'', कानपुर में मां-पिता, बहन और भांजे के शव देख बेटी बेसुध होकर बिलख पड़ी, चीख से फटा लोगों का कलेजा
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 06:08 PM (IST)
कानपुर : शिवली थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की चार जिंदगियां छीन लीं। तालाब में गिरी वैन से निकाले गए शव जब कल्याणपुर स्थित आवास विकास कॉलोनी पहुंचे, तो घर के बाहर मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), बेटी हिमांशी (30) और दो वर्षीय नाती शिव के शव जैसे ही घर पहुंचे, छोटी बेटी दीक्षा बेसुध होकर बिलख पड़ी। बेसुध दीक्षा ने चीखते हुए कहा, 'हे भगवान, ये क्या हो गया... मेरे माता-पिता का सिर से साया छीन लिया, अब किसके सहारे जिऊंगी किससे अपना दुख दर्द कहूंगी।'
दीक्षा की चीखों ने मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं। परिजन और पड़ोसी उसे संभालते रहे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी शोक जताने पहुंचे। अंतिम यात्रा शिवराजपुर के खेरेश्वर घाट के लिए निकाली गई।
यह भी पढ़ें : UP Police पर गिरी गाज! एक साथ 39 पुलिसवालों पर तगड़ा एक्शन, दरोगा भी नपे, SOG टीम भी हुई थी सस्पेंड; जांच में खुला ऐसा कांड, विभाग में हड़कंप.....
तेरहवीं से लौटते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर आवास विकास-3 निवासी राजकिशोर अग्निहोत्री परिवार के साथ औरैया जिले के सहायल क्षेत्र में आयोजित त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने गए थे। शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे बुक की गई वैन से सभी कानपुर लौट रहे थे। शिवली के बैरी सवाई गांव के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में चालक राजकुमार ने नियंत्रण खो दिया। वैन सड़क किनारे तालाब में जा गिरी।
ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत पहुंचे और वैन का पिछला गेट खोलकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी शिवली भिजवाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद राजकिशोर अग्निहोत्री, स्नेहलता अग्निहोत्री, हिमांशी और मासूम शिव को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : UP में BJP नेता की हत्या! दूल्हे के जीजा ने भाजपा नेता के सीने में उतारी गोली, शादी की खुशियां मातम में बदली... बेटा बोला साजिशन मारा
छह लोग बचे
हादसे में कृतिका (30), सुधा (45), वानी (3), कान्हा (4), सुधांशु (24) और चालक राजकुमार को सुरक्षित निकाल लिया गया। घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि अन्य को सकुशल बचा लिया गया। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

