27वीं मंजिल से गिरने के बाद इस फेमस Influencer का हुआ निधन, सगाई के कुछ दिन बाद ही दर्दनाक हादसा
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 06:54 PM (IST)
Kauana Bilhar Death: ब्राजील की मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कौआना बिल्हार की दुबई में एक ऊंची इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह एक रिहायशी बिल्डिंग की 27वीं मंजिल से गिरीं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
गर्लफ्रेंड ने दी परिवार को सूचना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 27 वर्षीय कौआना बिल्हार अपनी गर्लफ्रेंड बारबरा अब्रान्टेस के साथ दुबई में थीं। घटना के समय बारबरा भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने ही सबसे पहले कौआना के परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी दी।
कुछ दिन पहले ही की थी सगाई की घोषणा
कौआना और बारबरा लंबे समय से रिश्ते में थीं। हाल ही में दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सगाई की घोषणा की थी, जिसके बाद उनके प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। लेकिन खुशियों का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चल सका और कुछ ही दिनों बाद यह दुखद घटना सामने आ गई।
मां ने भावुक संदेश साझा किया
बेटी के निधन के बाद कौआना की मां डार्ला बिल्हार ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उनकी बेटी के जाने से जिंदगी में कभी न भरने वाला खालीपन आ गया है। उन्होंने कहा कि कौआना हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेंगी और वह उस दिन का इंतजार करेंगी, जब फिर उनसे मुलाकात होगी।
अफवाहों से बचने की अपील
सोशल मीडिया पर घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कौआना की मां ने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और उनकी बेटी की गरिमा का सम्मान करें।
पुलिस जांच जारी
दुबई पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभी तक मौत की तारीख और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौआना बिल्हार की मौत के पीछे असली वजह क्या थी।

