DM केआवास में दिखा तेंदुआः वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी...पकड़ने के लिए लगाए गए 4 बड़े पिंजरे

punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2022 - 04:13 PM (IST)

गोंडाः उत्तर प्रदेश के गोंडा में जिलाधिकारी आवास परिसर के आसपास घूमते तेंदुए की तस्वीर वन विभाग द्वारा लगाए गए नाइट विजन कैमरे में कैद हो गई। वन विभाग की टीम ने इसके मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी है। वन विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, बृहस्‍पतिवार रात जिलाधिकारी (डीएम) आवास परिसर की झाड़ियों में घूमते तेंदुए की तस्वीर वन विभाग द्वारा लगाए गए नाइट विजन कैमरे में कैद हो गई ।

वन विभाग ने DM आवास के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी
उन्होंने बताया कि कैमरे में तेंदुए की तस्वीर कैद होने के बाद वन विभाग की टीम ने डीएम आवास के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारी के मुताबिक, वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकड़ने के लिए चार पिंजरे भी लगाए गए हैं। यही नहीं, कई वन कर्मियों के एक साथ हांक लगाने के बाद तीन टीमें नियमित तौर पर गश्त कर रही हैं। प्रभागीय वनाधिकारी आर के त्रिपाठी ने बताया कि तेंदुए ने अपना ठिकाना डीएम आवास के आसपास कई हेक्टेयर खाली भूमि में फैली झाड़ियों में बना रखा है। उन्होंने बताया कि अपने स्वभाव के मुताबिक, लोगों की हलचल अधिक होने पर तेंदुआ इन्हीं झाड़ियों में छिप जाता है और माहौल शांत होने पर बाहर निकलता है। वह शिकार के लिए स्थान भी बदलता रहता है।

पहले भी कई बार देखा गया DM आवास के बहार तेंदुआ
वनाधिकारी आर के त्रिपाठी ने बताया कि इस बार सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग (बलरामपुर) से बड़ा पिंजरा मंगाया गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने की खातिर विशेषज्ञों और जरूरी संसाधनों के लिए देवीपाटन मंडल के वन संरक्षक को पत्र लिखा गया है। उल्‍लेखनीय है कि मध्य जुलाई के आसपास पहली बार डीएम आवास परिसर में तेंदुआ दिखाई देने के बाद अब तक चार-पांच बार उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी हैं। इससे पहले, सितंबर की शुरुआत में तेंदुआ डीएम आवास परिसर में कूदकर दीवार फांदते नजर आया था, लेकिन वह अभी तक वन विभाग की पकड़ में नहीं आ सका है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static