लॉकडाउनः प्रियंका गांधी ने यूपी के लोगों के लिए भेजे एक लाख फेस मास्क

punjabkesari.in Friday, May 08, 2020 - 06:36 PM (IST)

लखनऊः कोरोना वायरस की जंग से सभी एक साथ मिलकर लड़ रहे हैं। इसी कड़ी में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी देशव्यापी लॉकडाउन के बावजूद उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों की मदद के लिए शुक्रवार को एक लाख फेस मास्क भेजे हैं। पार्टी के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि वाड्रा ने एक लाख मास्क भेजवाया है। इसके पहले वह कई जिलों में राशन, लोगों को दवाएं भिजवा चुकी हैं। आज लखनऊ में उन्होंने एक लाख मास्क भिजवाया है। कल से कांग्रेस कार्यकर्ता इसका वितरण करेंगे।

ललन कुमार ने बताया कि लोगों की मदद के लिए लखनऊ, गाज़ियाबाद, हापुड़, आगरा, फतेहपुर, लखीमपुर, इलाहाबाद समेत 17 जिलों में रसोईघर चलाया जा रहा है। साथ ही साथ हर जिले में जरूरतमंदों को राशन भी बांटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूबे में करीब 47 लाख लोगों को राशन और खाना पहुंचाया गया है। उत्तर प्रदेश के बाहर 4 लाख प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की मदद की गई है।

वहीं इससे पूर्व कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूरे देश में अपने घरों को लौट रहे प्रवासी मजदूरों का किराया देने का फैसला किया था। उन्होंने इसके लिए सभी प्रदेश अध्यक्षों को निर्देशित किया था। सोनिया गांधी ने कहा था कि प्रवासी मजदूर भाइयों का रेलवे किराया कांग्रेस पार्टी अदा करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static