BJP नेता के होटल में मारपीट: मुख्य आरोपी अक्षय कदम ने महाराष्ट्र में की शादी, UP पुलिस के छापे से पहले हुआ फरार!
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 02:55 PM (IST)
Shahjahanpur News: भाजपा के एक स्थानीय नेता ने शुक्रवार को दावा किया कि यहां स्थित उनके होटल पर हुए हमले के मुख्य आरोपी ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक विवाह भवन परिसर में शादी कर ली और शहर में मौजूद उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। अक्षय कदम पर भाजपा नेता के होटल में मारपीट करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने का आरोप है तथा आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। आरोपी के विवाह का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि न्यूज एजेंसी वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकी है।
फरार आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र में यूपी पुलिस
इस बीच, शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने कहा, ''हम आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे और हमारी टीम महाराष्ट्र में मौजूद है।'' द्विवेदी ने शुक्रवार को एक न्यूज एजेंसी को बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत नगरिया मोड़ स्थित एक होटल में मारपीट करने के पांच आरोपियों में से दो को जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। उन्होंने कहा, ''हमारी पुलिस टीम सतारा में मौजूद है और उसके छापा मारने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।''
अक्षय कदम ने शादी कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
स्थानीय भाजपा नेता दिवाकर सिंह ने बताया कि उनके होटल में हुई मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी अक्षय कदम ने गुरुवार को महाराष्ट्र के सतारा जिले के एक विवाह भवन परिसर में शादी की। उन्होंने दावा किया कि हालांकि, उप्र की पुलिस की टीम महाराष्ट्र में मौजूद थी और ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। अक्षय कदम तथा उसके साथियों पर 19 दिसंबर की रात होटल में मारपीट तथा तोड़फोड़ करने का आरोप है। मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपियों ने अभद्रता की तथा एक गार्ड को कार में डालने की कोशिश की।

