मथुरा में हुआ बड़ा हादसाः दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर से टकराई कार, दंपती की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2023 - 02:42 PM (IST)

Mathura Road Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां पर छाता क्षेत्र में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से टकरा गई। इस हादसे में एक दंपति की मौत हो गई जबकि उनका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हादसे में हुई दो लोगों की मौत
इस हादसे की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी है। उन्होंने बताया कि कार दिल्ली से वृंदावन की ओर जा रही थी। छाता कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि दिल्ली के अशोक विहार फेस-2 निवासी एवं ऑटो के कलपुर्जों के व्यवसायी राकेश सूद (70), पत्नी मधु (65) और बेटे राकेश (35) के साथ मंगलवार को कार से वृन्दावन जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब नौ बजे वह छाता पहुंचे और दिल्ली-आगरा राजमार्ग की सर्विस रोड से गुजरते समय उनकी कार फ्लाईओवर से टकरा गई। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने परिजनों को सौंपे शव
छाता कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि कार राकेश चला रहे थे। उन्होंने घटना की सूचना मिलते नजदीकी थाने की पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को कार से निकालकर केडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। दुबे ने बताया कि उपचार के दौरान दंपति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। शवों को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।