शाहजहांपुर में जलती चिता पर मांस पका रहे थे शराबी, नजारा देख बेटे के उड़े होश, 1 पहुंचा जेल
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 01:01 PM (IST)
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने जलती चिता पर कथित रूप से मांस पकाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि उसके 2 अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव की है। उन्होंने बताया कि वीरपाल नामक व्यक्ति के पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसके परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया और घर लौट गए।
उन्होंने कहा कि वीरपाल जब रविवार शाम श्मशान घाट गया तो उसने अपने पिता की जलती चिता पर 3 लोगों को एक बर्तन में कथित रूप से मांस पकाते देखा। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया लेकिन उसके 2 साथी भाग गए। भवरे ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे तीनों वहां बैठकर शराब पी रहे थे और उन्होंने जब चिता की आग जलती देखी तो उस पर मांस पकाने लगे। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र को जेल भेज दिया है और उसके दोनों साथियों की तलाश की जा रही है।

