मनुष्य को सौभाग्य से मिलता है सेवा का सुअवसरः मोहन भागवत
punjabkesari.in Monday, Apr 03, 2023 - 08:48 PM (IST)

चित्रकूटः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि उत्थान का मूल मंत्र हर प्रकार की सेवा करना है। दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के अंतिम दिन रविवार को आरएसएस प्रमुख ने श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के जानकीकुंड में स्थापित प्रकल्पों को देखा और उनकी सराहना की। उन्होंने रघुवीर मंदिर में दर्शन किए और गौशाला में गायों का पूजन किया। संघ प्रमुख ट्रस्ट के चिकित्सालय भी गए। सर संघचालक ने ट्रस्ट के प्रकल्पों में मानव सेवा, गोसेवा एवं साधुसेवा की सराहना की।
सेवा का सुअवसर मनुष्य को सौभाग्य से मिलता है
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने अपने उद्बोधन के माध्यम से ट्रस्ट में पूज्य गुरुदेव को प्रेरणा से चल रहे मानव सेवा, गौ सेवा एवं साधु सेवा के कार्य को देखकर प्रसन्नता प्रकट की और चित्रकूट जैसे ग्रामीण अंचल में इतने बड़े पैमाने पर हो रही इन सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा का सुअवसर मनुष्य को सौभाग्य से मिलता है, मानव जीवन में उत्थान के यही मूलमंत्र है कि, पूरी क्षमता से स्वयं को सेवाकार्यों में संलग्न रखें। उन्होंने सेवाकार्य में जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं प्रदान की। चित्रकूट प्रवास के बाद प्रयागराज के कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।
राहुल गांधी को दी नसीहत
मझगवां में दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत बातों बातों में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी को नसीहत भी दे गए। उन्होंने इस बात को समझाने पर पूरा जोर दिया कि देशहित सर्वोपरि है और व्यक्तिगत स्वार्थ इसके आड़े नहीं आने चाहिए।
ट्रस्ट अध्यक्ष विशद भाई दंपत्ति ने स्मृति चिन्ह देकर किया स्वागत
ट्रस्ट अध्यक्ष विशद भाई मफतलाल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रूपल मफतलाल तथा उनके परिवारजनों ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर उनका सदगुरु परिवार की ओर से स्वागत किया।