चीन सीमा के पास मथुरा का लाल हुआ शहीद, सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:14 PM (IST)
मथुरा: उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना नोहझील क्षेत्र के चांदपुर कला गांव से एक दिल दहला देने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है। देश की सेवा में तैनात 20 वर्षीय अग्निवीर आदेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
भाई की शादी में शामिल होने के लिए जवान आ रहा था घर
परिजनों के अनुसार, आदेश कुमार अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा के पास लगभग 7000 फीट की ऊंचाई पर तैनात थे। वह अपने बड़े भाई की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार-मंगलवार की सुबह पहाड़ी क्षेत्र से नीचे उतरते समय पीछे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। हमला इतना अचानक था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पार्थिव शरीर देखकर नम हुई आखें
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को जब जवान का पार्थिव शरीर चांदपुर के नेहरू स्मारक कृषक इंटर कॉलेज मैदान में पहुंचा, तो हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और हर चेहरा गमगीन नजर आया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। हालांकि, पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी एक ही सवाल उठा रहे थे कि आखिर आदेश कुमार की मौत कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सेना की रेजिमेंट टीम ने ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद गांव के पास ही खेत में पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन व ग्रामीण इस रहस्यमयी घटना की सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

