UP में खामेनेई की मौत पर शोक! भड़के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी, दुख जताते हुए कहा- अब जंग और ज्यादा भयानक होगी, उनकी शाहदत .....
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 01:03 PM (IST)
बरेली (जावेद खान) : आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने प्रेस को जारी किए गए बयान में कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर मौलाना आयतुल्ला अली खामनई की शाहदत पूरी मिल्लत इस्लामिया के लिए दुख की बात है, उनकी शाहदत सिर्फ ईरान के लिए ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर दुख और गम की बात है।
मौलाना खामेनेई की शहादत मिल्लत का अजीम नुकसान है, अमरीका और इजरायल सालों से यह चाहते थे कि खामनई को मारकर ईरान की सत्ता हासिल कर ली जाए। मौलाना ने कहा कि आज अमरीका ओर इजरायल ने जालिमाना कार्यवाही करके उनको मार दिया मगर अब ईरान के लिए करो या मारो कि स्थिति पैदा हो गई है। यही सूरत-ए-हाल ईरान के प्रॉक्सी संगठनों के लिए भी है। अब जंग और ज्यादा भयानक होगी।
मौलाना ने कहा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ओर इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू यह दोनों जालिम हुक्मरान है। ये दोनों सालों से ये चाहते थे कि ईरान पर कब्जा कर लें और सुप्रीम लीडर को मार दें। अमेरिका की ईरान पर बमबारी ने इंटरनेशनल कानून की धज्जीयां उड़ा दी हैं। मौलाना बरेलवी ने भारत सरकार से अपील की है कि अरब और ईरान में रहने वाले भारतीयों को सुरक्षित भारत लाने की व्यवस्था करें।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने भारत में एहतजाज करने वालों से अपील करते हुए कहा कि एहतजाज अमन व शांति के साथ करें और इस बात की व्यवस्था रखें कि जुलूस में शामिल कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न लें।

