मौलाना तौकीर रजा का बड़ा बयान, कहा- उदयपुर घटना में भाजपा-RSS का हाथ

punjabkesari.in Sunday, Jul 03, 2022 - 12:03 PM (IST)

बरेली: उदयपुर हत्याकांड को लेकर इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने बड़ा बयान दिया है। मौलाना ने शनिवार को कहा, ‘‘उदयपुर की घटना में भाजपा और RSS का हाथ है। जिन्होंने कन्हैया की हत्या की, वे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्य हैं।’’

मौलाना ने पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणियों से उसके प्रति भरोसा और बढ़ेगा। तौकीर रजा ने कहा कि उदयपुर के आरोपी पाकिस्तान नहीं, बल्कि भाजपा और RSS के लोग हैं। उन्होंने दोनों युवकों के जरिए टेलर कन्हैया की हत्या कराई। दरअसल, राजस्थान में चुनाव होने वाले हैं इसलिए यह साजिश रची गई है।

इतना ही नहीं मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि उदयपुर की घटना में रियाज जब्बार और गौस मुहम्मद को आरोपी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दोनों पाकिस्तान गए थे। वहां उनका ब्रेन वॉश किया गया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान या सऊदी यात्रा पर तो लोग जाते रहते हैं। 2014 में दोनों पाकिस्तान गए थे। अब जाकर उनके ब्रेन वॉश का असर पड़ा। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि अभी उदयपुर के हालात ठीक नहीं हैं। मैं कन्हैया के परिजनों से जाकर मिलूंगा और उनकी मदद भी करूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिन्होंने कन्हैया को मारा है, उन्हें फांसी होनी चाहिए। मगर, कन्हैया की हत्या का वीडियो हिंदुस्तान में अफरा-तफरी और हिंसा करने के लिए बनाया गया था।’’ मौलाना ने ‘सिर तन से जुदा’ वाले नारे के बारे में कहा कि यह शरीयत से जुड़ा नहीं है। यह कोई इस्लामी नारा नहीं है। इस्लाम किसी का सर तन से अलग करने की इजाजत नहीं देता है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मदरसों में मजहब की तालीम दी जाती है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static