कल्याण सिंह के निधन पर मायावती ने जताया शोक, कहा- पिछड़े वर्ग के जमीनी नेता थे...
punjabkesari.in Sunday, Aug 22, 2021 - 11:49 AM (IST)

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग के हक के लिए लड़ने वाले कल्याण ने अपने राजनीतिक जीवन में तमाम चुनौतियों का सामना किया। मायावती रविवार सुबह भाजपा के वरिष्ठ नेता के आवास पहुंची और उनके पार्थिव शरीर के दर्शन किये। बाद में उन्होने शोक संतप्त परिजनों को ढाढस बंधाया।
आवास से निकलने के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में भावुक नजर आयीं बसपा अध्यक्ष ने कहा ‘‘ कल्याण सिंह जी पिछड़े वर्ग की राजनीति करने वाले जमीनी नेता थे हालांकि उन्होने अपने राजनीतिक जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया। बसपा उनको श्रद्धाजंलि अर्पित करती है।'' गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री रहे चुके श्री कल्याण सिंह का शनिवार देर रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।