यूपी विधानसभा सहित देश में होने वाले सभी चुनाव अकेले लड़ेगी बसपा...' मायावती का बड़ा बयान
punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2026 - 01:13 PM (IST)
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 सहित देश में होने वाले सभी छोटे-बड़े चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बसपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। बसपा सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में अपना 70वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया, “हमारी पार्टी ने उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में सभी चुनाव अकेले लड़ना अधिक उचित समझा है। किसी भी पार्टी के साथ किसी भी चुनाव में किसी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाएगा।”
गठबंधन पर क्या बोलीं मायावती?
मायावती ने कहा कि भविष्य में यदि यह भरोसा हो जाता है कि किसी गठबंधन सहयोगी पार्टी के खासकर अगड़ी जातियों के वोट बसपा को स्थानांतरित हो सकते हैं, तभी गठबंधन पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में वर्षों लग सकते हैं। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बसपा के चार कार्यकालों को याद करते हुए एक बार फिर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि इसे साकार करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह जुट गए हैं, ताकि इस बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।
मायावती ने किया ये दावा
मायावती ने दावा किया कि कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य जातिवादी पार्टियां विभिन्न हथकंडे अपना रही हैं जिनका मुंहतोड़ जवाब देकर उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनानी है। ईवीएम को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले कई चुनावों की तरह इस बार भी ईवीएम में धांधली और बेईमानी हो सकती है, इसके बावजूद बसपा पूरे देश में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है कि ईवीएम में धांधली करने वालों का सिस्टम कभी भी विफल हो सकता है और तब सही चुनाव परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे देश में ईवीएम का विरोध बढ़ रहा है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर लगाए आरोप
बसपा प्रमुख ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा के संस्थापक कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया गया और उनकी उपेक्षा की गई थी। उन्होंने कहा कि अन्य जातियों के साथ-साथ मुस्लिम समाज के साथ भी अन्याय हुआ है। मायावती ने दावा किया कि बसपा सरकार के दौरान दंगे नहीं हुए और यादव समाज का भी पूरा ध्यान रखा गया।

