महिला की शिकायत पर मंत्री असीम अरुण ने लिया बड़ा एक्शन, छेड़खानी के आरोप में निजी सचिव पर दर्ज कराई FIR फिर ...
punjabkesari.in Friday, Aug 01, 2025 - 05:35 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित समाज कल्याण विभाग मुख्यालय में गुरुवार को एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया। विभाग में कार्यरत एक महिला कर्मी ने राज्यमंत्री असीम अरुण के निजी सचिव जयकिशन सिंह पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। घटना उस वक्त प्रकाश में आई जब मंत्री असीम अरुण अपने कार्यालय पहुंचे। पीड़िता ने रोते हुए मंत्री के सामने आपबीती सुनाई। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सचिव को हिरासत में ले लिया गया।
मंत्री की तत्परता से हुई तत्काल कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत सुनते ही मंत्री असीम अरुण ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए पुलिस को खुद सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने अपने निजी सचिव जयकिशन सिंह को पुलिस के हवाले कर दिया। यह मंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का उदाहरण माना जा रहा है, जिसे प्रशासनिक हलकों में साहसी कदम के रूप में देखा जा रहा है।
गोमती नगर थाने में दर्ज हुई FIR
महिला कर्मचारी ने इस मामले में गोमती नगर थाने में जाकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और प्रारंभिक बयान व साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
विभाग में हड़कंप, महिला सुरक्षा पर फिर सवाल
यह घटना सामने आने के बाद समाज कल्याण विभाग में सन्नाटा और हड़कंप जैसा माहौल है। सरकारी कार्यालयों में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर यह एक बार फिर बड़ा सवाल बन गया है। हालांकि मंत्री द्वारा दिखाई गई तत्परता की सराहना भी हो रही है, जो ऐसे मामलों में आम तौर पर देखने को नहीं मिलती।