‘जो भी महिला घर से भागेगी, मैं उसे मार डालूंगा…’ पत्नी के प्रेमी की हत्या करने वाले कातिल का ऐलान, देखें वीडियो

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 02:04 PM (IST)

मेरठ: यूपी के मेरठ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर एक पति ने अपने पत्नी के प्रेमी की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या के दौरान लोग खड़े देखते रहे और आरोपी मर्डर करके वहां से फरार हो गया। हत्या के बाद कातिल का कबूलनामे का वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें वो ना सिर्फ हत्या की बात कबूल कर रहा है, बल्कि बेहद डरावनी धमकियां भी दे रहा है। 

खौफनाक वीडियो वायरल 
जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले प्रदीप की पत्नी पूनम अपने 2 बच्चों को छोड़कर प्रेमी सुनील गाबा के साथ रहने लगी थी और इसी बात से प्रदीप नाराज था। उसके सिर पर बदला लेने की सनक थी। जिसके चलते उसने पत्नी के प्रेमी की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी। हस्तिनापुर इलाके की ये वारदात है। आरोपी प्रदीप ने हत्या का खौफनाक वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया। वीडियो में आरोपी प्रदीप चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधे नजर आ रहा है। जैसे ही सुनील अपनी बाइक स्टार्ट करता है, प्रदीप पीछे से आता है और उसकी कमर में पहली गोली मार देता है। गोली लगते ही सुनील जमीन पर गिर पड़ता है। इसके बाद प्रदीप ने कोई रहम नहीं दिखाया। उसने दोबारा तमंचा लोड किया और दूसरी गोली सुनील के सिर में तथा तीसरी उसकी कनपटी पर मारी।

कबूलनामे का वीडियो वायरल  
हत्या  के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। उसके कबूलनामे का भी वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वो कह रहा है कि ''मुझे अपनी मौत की परवाह नहीं है, मैं उसको मारकर आया हूं, सुनील को तीन गोलियां मारी हैं, 315 और 312 बोर की। इस घटना के लिए मेरा कोई दोस्त, परिजन या परिचित जिम्मेदार नहीं है। ये रहे हथियार मेरे पास, इन्हें अब नहर में फेंक दूंगा। मेरी इस वीडियो को खूब वायरल करो। प्रदीप ने आगे सीधे तौर पर अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और समाज के लिए एक खौफनाक संदेश जारी किया।

उसने कहा कि, '' जो भी महिला इस तरह घर छोड़कर भागेगी, उसका यही इंतजाम करूंगा। अब अपनी पत्नी को भी मारूंगा। यह वीडियो एसएसपी मेरठ, बहसूमा, फलावदा और हस्तिनापुर पुलिस को भेज दो। जो भी महिला घर से भागेगी, मुझे फोन करो, मैं उसे मार डालूंगा। मैं अपने घर से बेदखल हूं और मेरे हाथ में ढाई मीटर का कफन है जिसे सिर पर बांधकर चल रहा हूं। सुनील मुझे डेढ़ साल बाद मिला और आज मैंने उसे खत्म कर दिया।आरोपी प्रदीप ने अपने वीडियो में मेरठ पुलिस के कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उसने सीधे तौर पर दो पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए कहा कि उसे न्याय नहीं मिला, इसलिए उसने कानून हाथ में लिया। उसने कहा कि पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की, उसे आरोपियों के कोर्ट से जुड़े कागजात तक नहीं दिए गए। प्रदीप का दावा है कि हस्तिनापुर पुलिस ने उसे हथियार उठाने के लिए मजबूर किया...।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static